उत्तर अटलांटिक महासागर क्षेत्र के बरमूडा में भारी बारिश और ऊंची लहरों के साथ गोंजालो तूफान ने दस्तक दे दी है।
वहां करीब 175 किलोमीटर प्रतिघंटा की रफ्तार से हवाएं चल रही हैं।
समाचार एजेंसी रॉयटर्स ने बरमूडा इलेक्ट्रिक लाइट कंपनी के हवाले से बताया है कि करीब 80 फीसदी ब्रितानी क्षेत्र में बिजली नहीं है।
बरमूडा, अटलांटिक महासागर में द्वीपों की एक श्रृंखला है और यहां अक्सर मज़बूत उष्णकटिबंधीय तूफान आते रहते हैं।
वहां के आपातकालीन प्रसारण में गर्वनर जॉर्ज फ़र्ग्युसन ने कहा, "अगले 24 घंटे तक तक सब कुछ अच्छा हो, हम ऐसी कामना करते हैं, सब लोग एक-दूसरे का ख्याल रखें।"
मियामी के यूएस नेशनल हरिकेन सेंटर ने कहा कि पहले 205 किलोमीटर प्रतिघंटा की रफ़्तार से हवाएं चल रही थीं लेकिन अब इसकी रफ़्तार थोड़ी कम हो गई है।