फ्रांस में "अल्लाह हू अकबर" का नारा लगाते हुए एक ड्राइवर ने 11 लोगों को गंभीर रूप से घायल कर दिया। फ्रांसीसी मीडिया के अनुसार ड्राइवर ने आधे घंटे के भीतर फ्रांस के डिजोन इलाक़े के पांच अलग-अलग जगहों पर पैदल चलने वालों को अपना निशाना बनाया।
पुलिस ने ड्राइवर को गिरफ्तार कर लिया है। बताया जा रहा है कि ड्राइवर मानसिक असंतुलन का शिकार है। फ्रांस के प्रधानमंत्री मैनुअल वाल्स ने ट्वीट करते हुए घटना के पीड़ितों के प्रति अपनी 'संवेदना' ज़ाहिर की है।
इससे पहले शनिवार को टुअर्स इलाक़े में इसी से मिलती जुलती एक घटना में एक व्यक्ति ने "अल्लाह हू अकबर" चिल्लाते हुए तीन पुलिसवालों पर चाक़ू से हमला किया था। बाद में हमलावर पुलिस की गोली से मारा गया था।
फलस्तीनी बच्चों की खातिर दिया घटना को अंजाम
डिजोन इलाक़े में गंभीर रूप से घायल दो पैदलयात्रियों को अब खतरे से बाहर बताया जा रहा है। मामले की जांच कर रही टीम के नजदीकी सूत्रों ने समाचार एजेंसी एएफपी को बताया है कि एक प्रत्यक्षदर्शी ने ड्राइवर के फलस्तीनी बच्चों के लिए कार्रवाई' करने की बात सुनी। पुलिस के अनुसार 20 साल पहले भी इस व्यक्ति का नाम छोटे-मोटे आपराधिक मामले में सामने आया था।
आतंक निरोधी दस्ते ने मामले की जांच शुरु कर दी है। उत्तरी यूरोप के देशों में मुसलमानों की सबसे अधिक आबादी फ्रांस में है। एक अनुमान के मुताबिक फ्रांस में करीब पचास से साठ लाख मुसलमान रहते हैं।