पूर्व वित्त मंत्री पी चिदंबरम
- फोटो : ani
देश के विकास के लिए बेहतर वातावरण प्रदान नहीं करने का आरोप लगा भाजपा सरकार की आलोचना करते हुए पूर्व वित्त मंत्री पी चिदंबरम ने कहा कि नोटबंदी और जीएसटी ने अर्थव्यवस्था को एक गंभीर झटका लगाया है, जिसके नतीजे अब दिखाई दे रहे हैं।
ऑस्ट्रेलिया के मेलबर्न में ऑस्ट्रेलिया इंडिया इंस्टीट्यूट में ‘एन इमर्जिंग पावर इंगेजिस द् वर्ल्ड: इंडिया एंड ऑस्ट्रेलिया’ नामक एक सार्वजनिक व्याख्यान को संबोधित करते हुए चिदंबरम ने मंगलवार को यह बयान दिया। चिदंबरम ने कहा कि वर्तमान आर्थिक माहौल 1991 या 2004 के विपरीत प्रमुख सुधारों को लागू करने के लिए बहुत सहायक नहीं है। इसमें बहुत सारे विकर्षण हैं और कुछ प्रमुख अवरोध हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि आरएसएस और भाजपा इसके लिए जिम्मेदार हैं।
चिदंबरम ने यह भी कहा कि अंतर-धार्मिक विवाह, बीफ की बिक्री और खरीद, सांस्कृतिक मानदंडों, ड्रेस कोड, हिंदी भाषा की प्रधानता, राष्ट्रवाद, समान नागरिक संहिता और जम्मू-कश्मीर जैसे मुद्दों को लेकर होने वाली बहस ने समाज को तोड़ने का काम किया है और दलितों, आदिवासियों, अल्पसंख्यक समुदायों, महिलाओं और युवाओं के लिए डर का माहौल पैदा किया है।