चीन की राजधानी बीजिंग की एक ऊंची इमारत की छत पर चट्टान से ढके आलीशान मकान पर काले बादल मंडरा रहे हैं।
चीन से आ रही रिपोर्टों के मुताबिक जिस व्यक्ति ने इसका निर्माण कराया है, उन्हें इसे गिराना पड़ सकता है।
बीजिंग के हादियान प्रांत में स्थित 26 मंजिली इमारत की छत पर बना यह अलीशान घर चट्टानों, पेड़ों और झाड़ियों से घिरा हुआ है।
सरकारी समाचार पत्र 'चाइना डेली' का कहना है कि इसका निर्माण बिना उचित अनुमति के किया गया है।
इमारत में रहने वाले लोगों का कहना है कि छत पर इस घर के निर्माण के चलते बिल्डिंग असुरक्षित हो गई है।
अखबार का कहना है कि इस आलीशान भवन के मालिक सरकारी पारंपरिक औषधि श्रृंखला के प्रमुख हैं।
आवश्यक मंजूरी नहीं
हादियान के शहरी प्रबंधन अधिकारियों के हवाले से एक बयान का हवाला देते हुए अखबार का कहना है कि इस घर के लिए सरकार की आवश्यक मंजूरी नहीं ली गई थी और इसलिए इसे गिराए जाने का आदेश जारी किया गया है।
अखबार के मुताबिक इस अलीशान घर के मालिक के पास 15 दिनों का समय है ताकि वो ढांचे के निर्माण की मंजूरी से संबंधित सभी दस्तावेजों को पेश कर सकें।
समाचार पत्र के मुताबिक बिल्डिंग में रहने वालों ने शिकायत की थी कि इस निर्माण के चलते पाइप छतिग्रस्त हो गए हैं और इमारत की संरचना को नुकसान पहुंचा है।
बताया जाता है कि इस विशाल विला के आसपास की चट्टानें नकली हैं लेकिन घास और पेड़ असली हैं।