मिस्र की राजधानी काहिरा में बातचीत के बाद गजा में पिछले पांच दिनों से चल रहा युद्ध विराम एक और दिन के लिए बढ़ाने पर सहमति बन गई है। इसराइली और फलस्तीनी अधिकारियों ने बीबीसी से इसकी पुष्टि कर दी है।
पिछले बुधवार से युद्ध विराम लागू है जो कि जीएमटी समयानुसार सोमवार को रात नौ बजे खत्म होना था लेकिन अब इसे 24 घंटों के लिए बढ़ाने का फैसला किया गया है।
अधिकारियों के अनुसार आठ जुलाई को गजा पर शुरू हुए इसराइली हमले में अब तक 2016 फलस्तीनी मारे गए हैं जबकि हमास की तरफ से किए गए रॉकेट हमलों में अब तक कुल 66 इसराइली मारे गए हैं।
इससे पहले इसराइली प्रधानमंत्री बिन्यामिन नेत्नयाहू ने कहा कि अगर हमास ने रॉकेट दागे तो इसराइली सेना ने इसका मुंह तोड़ जवाब देगी।
उधर मिस्र की सरकार ने युद्ध विराम को बढ़ाए जाने की पुष्टि करते हुए कहा कि फलस्तीनी और इसराइली प्रतिनिधि मंडलों ने गजा में स्थाई युद्ध विराम लागू करने के लिए बातचीत का दौर जारी रखने का फैसला किया है।