कनाडा के सात प्रतिष्ठित विश्वविद्यालयों का प्रतिनिधिमंडल 18 अगस्त यानी सोमवार से 28 अगस्त तक दस दिवसीय भारत दौरे पर है।
भारतीय छात्रों को कनाडा में उच्च शिक्षा के लिए आकर्षित करने के लिए यह प्रतिनिधिमंडल यहां पर आया है। प्रतिनिधिमंडल की अगुवाई टोरंटो में यॉर्क यूनिवर्सिटी की एलिसा टोरटोला और वैंकुअर में ब्रिटिश कोलंबिया यूनिवर्सिटी के मार्क बेविन कर रहे हैं। इस दौरे का आयोजन काउंसिल ऑफ इंटरनेशनल स्कूल्स (सीआईएस) के तत्वाधान में कनाडाई उच्च शिक्षा समिति ने किया है।
अपने दसवें भारत दौरे के तहत काउंसिल मुंबई, बंगलूरू, हैदराबाद, दिल्ली और देहरादून का दौरा करेगी। कनाडाई दूतावास द्वारा जारी आधिकारिक बयान में कहा गया है कि यह दौरा खास तौर पर 11वीं और 12वीं के छात्रों के हितों के लिए किया गया है।
इस दौरान प्रतिनिधिमंडल छात्रों, उनके शिक्षकों और उनके माता-पिता को बेहतरीन शिक्षा के लिए प्रेरित करेगा। इस टूर में स्कूलों का दौरा और स्थानीय काउंसलरों के लिए सूचना मेलों का आयोजन करना भी शामिल है। टोरटोला ने कहा, ‘भारत कनाडाई विश्वविद्यालयों के लिए अंडरग्रेजुएट छात्रों का बाजार है।’ उन्होंने कहा कि भारतीय छात्र अपनी उच्च शिक्षा के लिए कनाडाई विश्वविद्यालयों का रुख करते हैं।
---