पाली कस्बे के मोहल्ला बेनीगंज में किराये पर रह रही बीटीसी की छात्रा ने बुधवार देर शाम फांसी लगाकर खुदकुशी कर ली। घटना की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंच गई और शव को कब्जे में ले लिया। घटना की जानकारी मृतका के परिजनों को दे दी गई है।
लखीमपुर खीरी के पसिगवां थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम बलदेवता गड़रिया निवासी सीमा (25) पुत्री सतीश पाली स्थित बाबू खां शिक्षण संस्थान में बीटीसी की पढ़ाई कर रही थी। वह पाली कस्बे के मोहल्ला बेनीगंज में किरन शुक्ला के मकान में किराये पर रहती थी। बुधवार देर शाम तक जब वह कमरे से नहीं निकली तो किरन की बहू ममता ने दरवाजा खटखटाया। कोई जवाब न मिलने पर खिड़की से झांककर देखा तो सीमा फांसी पर लटक रही थी। घटना की सूचना पाकर पाली थानाध्यक्ष वीरेंद्र सिंह तोमर पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच गए। उन्होंने दरवाजा तोड़कर जांच की। पुलिस ने कमरे से मिले सीमा के मोबाइल को कब्जे में ले लिया है। थानाध्यक्ष ने बताया कि परिजनों के आने के बाद कार्रवाई की जाएगी। बताया जाता है कि मोबाइल से एक नंबर पर व्हाट्स एप पर चैट करने के बाद सीमा ने खुदकुशी की है।