फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

बॉलीवुड सितारों का पाकिस्तान कनेक्शन

Mon, 03 Dec 2012 09:49 AM IST
बीबीसी हिंदी/एम इलियास ख़ान
विज्ञापन
विज्ञापन
बॉलीवुड के बारे में मामूली सी जानकारी रखने वाले शख्स को भी पता है कि दिलीप कुमार, राज कपूर और शाहरुख खान कितने बड़े स्टार हैं।
विज्ञापन


लेकिन इनके बारे में एक बात शायद ज्यादा लोगों को न पता हो। तीनों का नाता पाकिस्तान के पेशावर शहर से रहा है, जिसे आज आम तौर पर चरमपंथ और कट्टरपंथ के लिए जाना जाता है।

पेशावर के ढक्की इलाके की सबसे मशहूर गली है किस्सा ख्वानी जहां आज भी दिलीप कुमार, शाहरुख खान और राज कपूर के पूर्वजों के घर मौजूद हैं।

राज कपूर के पिता पृथ्वीराज कपूर जब फिल्मों में आए तो वो खुद को पेशावर का 'हिंदू पठान' कहते थे। वो बेहद कामयाब रहे और उनकी चौथी पीढ़ी आज फिल्मों सक्रिय है और बहुत कामयाब है।
विज्ञापन


तीन मंजिला इस मकान की हालत आज बहुत खराब है और वहां कोई नहीं रहता लेकिन कपूर परिवार की यादें अब वहां जिंदा हैं।

गुल्ली डंडा कपूर
स्थानीय निवासी 90 वर्षीय मोहम्मद याकूब बताते हैं कि राज कपूर गुल्ली डंडा के बहुत शौकीन थे। यादों को टटोलते हुए वो कहते हैं, “1920 के दशक की बात है। वो मेरा यार था। वो मुझसे एक साल छोटा था। हम लोग गुल्ली डंडा खेला करते थे। हम एक ही स्कूल में पढ़ने जाते थे।”

कपूर परिवार 1930 के दशक में मुंबई चला गया। याकूब बताते हैं कि इसके बाद वो कभी कभी पेशावर आया करते थे लेकिन विभाजन के बाद ये सिलसिला बंद ही हो गया।

कपूर परिवार की हवेली से थोड़ी सी ही दूरी पर बॉलीवुड के महान अभिनेता दिलीप कुमार का घर आ जाता है। इसकी भी हालत बहुत ही खराब है। दरवाजों और खिड़कियों पर लकड़ी का नक्काशीदार काम दिखता है लेकिन हर जगह मकड़ी के जाले लगे हुए हैं।

फिलहाल इस जगह का इस्तेमाल कपड़ों के एक गोदाम के रूप में किया जा रहा है। यहां काम करने वाले मलियार का कहना है, “ये बड़े ही फख्र की बात है कि यहां से शुरूआत करने वाले लोगों ने दुनिया भर में इतना नाम कमाया। ये एक ऐतिहासिक जगह है जो अब एक गोदाम है और अब मैं यहां काम करता हूं।”

शाहरुख का घर
दिलीप कुमार और राज कपूर तो गुज़रे जमाने के स्टार रहे हैं लेकिन बॉलीवुड के मौजूदा सुपरस्टार शाहरुख खान का भी पेशावर से नाता है। दिलीप कुमार के घर से तीन मिनट चलने पर एक व्यस्त गली में शाहरुख खान के पूर्वजों का घर है।

शाहरुख के पिता ताज मोहम्मद खान का जन्म और परवरिश यहीं हुई। खुद शाहरुख भी किशोरावस्था में यहां कुछ दिन गुजार चुके हैं। उनका जन्म तो दिल्ली में हुआ लेकिन वो अपने रिश्तेदारों से मिलने आए थे।

उनकी रिश्ते की एक बहन नूर जहां अब भी इस घर में रहती हैं। वो शाहरुख से मिलने दो बार मुंबई जा चुकी हैं और आखिरी बार 2010 में वो वहां गई थीं।

वो बताती हैं, “जहां हम बैठे हुए हैं, वो इसी कमरे में सोते थे।” ये बात 1978 से 1979 के बीच है जब शाहरुख खान दो बार पेशावर आए थे।

नूर जहां बताती हैं, “उन्हें यहां आकर बहुत अच्छा लगा क्योंकि पहली बार वो अपने पिता के परिवार से मिले थे। भारत में सिर्फ उनकी मां के परिवार वाले लोग रहते थे।”

मामू का वादा
नूर जहां के 12 वर्षीय बेटे का नाम भी शाहरुख खान रखा है और वो उसे शाहरुख खान2 पुकारती हैं। नूर जहां का बेटा का कहता है, “मामू ने वादा किया है कि अगर मैं बड़ा हो कर अच्छा क्रिकेटर बनूंगा तो वो मुझे अपनी टीम में शामिल करेंगे।”
विज्ञापन


शाहरुख खान आईपीएल की कोलकाता नाइट राइडर्स टीम के मालिक हैं। पेशावर से और भी कई बॉलीवुड की हस्तियों का नाता है जिनमें मधुबाला, अमजद खान, विनोद खन्ना, अनिल कपूर के पिता और जाने माने फिल्म निर्माता सुरिंदर कपूर शामिल हैं।

पेशावर में इन सभी कलाकारों के घरों को सहेजने की अपीलें की जाती रही हैं। लेकिन इस दिशा में की गई अभी तक की कोशिशों को कोई खास नतीजा नहीं निकला है।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें