सीरिया में सरकारी नियंत्रण वाले इलाके सोमवार को बम धमाकों से दहल गए। धमाकों में 43 लोगों के मरने और 45 के घायल होने की खबर है। तर्तुस में राष्ट्रपति बशर अल-असद के गढ़ में बम धमाकों से 30 लोगों की मौत हुई है।
अभी बम धमाकों की किसी ने जिम्मेदारी नहीं ली है लेकिन आईएस लगातार इन इलाकों को निशाना बनाए हुए है। रूसी नौसेना के अड्डे वाले तटीय शहर तर्तुस के बाहर दो जबर्दस्त बम धमाके हुए।
सरकारी टीवी के मुताबिक एरजुना ब्रिज को निशाना बनाकर पहले एक कार में धमाका हुआ। घायलों की मदद के लिए जब वहां लोगों की भीड़ लगी तो विस्फोटक पदार्थों से लैस एक आत्मघाती हमलावर ने खुद को उड़ा लिया। दोनों धमाकों में काफी लोग हताहत हुए।
इसके अलावा सरकारी कब्जे वाले होम्स सिटी और हसाके शहर में कुर्दिश सुरक्षा बलों के ठिकाने के पास धमाके हुए। हसाके में हुए विस्फोट में छह जवान और दो नागरिकों की मौत हो गई। होम्स सिटी में कार बम धमाके में चार लोगों के मरने की खबर है।