बांग्लादेश में जारी कट्टरपंथी हिंसा के कारण शनिवार को एक हिंदू मंदिर भी लहूलुहान हो गया। उत्तरी बांग्लादेश के कहरोल उपजिला में स्थित प्राचीन कांताजी मंदिर के परिसर में तीन बम धमाके हुए जिसमें करीब 10 लोग घायल हो गए।
मध्यकालीन युग के इस मंदिर के परिसर में जिस समय धमाका हुआ, उस समय हजारों हिंदू धार्मिक उत्सव में भाग लेने के लिए एकत्रित हुए थे।
रश मेला उत्सव के अवसर पर यहां आयोजित शो को देखने के लिए करीब पांच हजार लोग उपस्थित थे। लोग मेले का आनंद उठा रहे थे कि अज्ञात हमलावरों ने धमाका करना शुरू कर दिया। फिलहाल पुलिस ने इस मामले में तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। एक पुलिस अधिकारी ने कहा, ‘शुरुआती तौर पर ऐसा लग रहा है कि हमलावरों ने धमाके के लिए रिमोट कंट्रोल तकनीक का इस्तेमाल किया है। हम तीन लोगों को गिरफ्तार करके पूछताछ कर रहे हैं।’