अमरीकी राष्ट्रपति बराक ओबामा की बेटी साशा ओबामा व्हाइट हाउस के ऐशो आराम को छोड़कर अब एक रेस्तरां में काम कर रही हैं। मीडिया रिपोर्टों के अनुसार 15 साल की साशा गर्मी की छुट्टियों में मैसाचुसेट्स के मार्था वाइनयार्ड में एक रेस्तरां में काम कर रही हैं जहां उनका काम भोजन परोसना है।
बोस्टन हेराल्ड की रिपोर्ट के अनुसार साशा (जिनका पूरा नाम नताशा है) के साथ रेस्तरां में खुफिया विभाग के छह एजेंट भी आते हैं ताकि उनकी सुरक्षा हो सके। ओबामा परिवार गर्मी की छुट्टियों में अक्सर इस शहर में आता है।
तस्वीरों में राष्ट्रपति ओबामा की छोटी बेटी साशा को रेस्तरां के वेटर के आधिकारिक ड्रेस नीली टीश शर्ट और कैप में रिसेप्शन पर काम करते देखा जा सकता है.
साशा के साथ काम कर रहे कर्मचारी ने हेराल्ड अखबार को बताया, 'वो नीचे के फ्लोर पर काम कर रही हैं। हम तो चकित थे कि जब ये काम पर आती है तो इसके साथ छह लोग क्यों आते हैं। फिर हमें पता चल गया कि वो कौन है।'