बांग्लादेश ने एक बार फिर आश्वस्त किया है कि वह भारत के खिलाफ किसी भी प्रकार की आतंकी गतिविधियों के लिए अपनी जमीन का इस्तेमाल नहीं होने देगा। बांग्लादेश के गृहमंत्री असदुज्जमां खान के केंद्रीय गृह मंत्री राजनाथ सिंह से रविवार को मुलाकात के दौरान कही। दोनों नेताओं ने आपस में सुरक्षा से जुड़े मुद्दों पर बातचीत की। सिंह ने यहां छठीं भारत-बांग्लादेश गृहमंत्री स्तर की बैठक की सह अध्यक्षता की। सिंह तीन दिन के दौरे पर बांग्लादेश पहुंचे हैं।
भारत के खिलाफ आतंक के लिए अपनी जमीन का इस्तेमाल नहीं होने देंगे: बांग्लादेश
बैठक में दोनों देशों के बीच आतंकवाद, सुरक्षा एजेंसियों के बीच सहयोग बढ़ाने, सीमा प्रबंधन, नकली मुद्रा, ड्रग और मानव तस्करी समेत सुरक्षा संबंधी सभी मुद्दों पर व्यापक चर्चा हुई। सिंह ने कहा कि हमारी बैठक सफल रही। वहीं बांग्लादेश के गृहमंत्री खान ने कहा कि बांग्लादेश ने भारत को एक बार फिर आश्वस्त किया है कि वह अपनी जमीन का इस्तेमाल भारत के खिलाफ किसी भी आतंकी गतिविधियों के लिए नहीं होने देगा। हम आतंकवाद और उग्रवाद के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति पर चलेंगे।
उन्होंने कहा कि भारत ने आतंकवाद और घुसपैठ रोकने में बांग्लादेश को सभी प्रकार की मदद देना जारी रखेगा। अब दोनों देश घुसपैठ संबंधी सूचनाएं भी साझा करेंगे। बातचीत में दोनों देशों के बीच आवाजाही सुगम बनाने पर जोर दिया गया।
इसके तहत संशोधित यात्रा समझौते पर हस्ताक्षर किए गए। अब बांग्लादेशी स्वतंत्रता सेनानियों और वरिष्ठ नागरिकों को पांच साल की अवधि का मल्टीपल वीजा मिलेगा। खान ने कहा कि छात्रों और भारत में इलाज कराने वालों के लिए वीजा जारी करने की प्रक्रिया को भी सरल बनाने पर चर्चा हुई।