फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

भूस्खलन में 350 की मौत, दो हजार लोग लापता

विज्ञापन
विज्ञापन
अफ़गानिस्तान के उत्तर-पूर्व में बदख़्शां इलाक़े में भूस्खलन से 350 से ज़्यादा लोग मारे गए हैं और क़रीब दो हज़ार लोग लापता बताए जा रहे हैं।
विज्ञापन


बदख़्शां प्रांत के गवर्नर के अनुसार यह हादसा तब हुआ जब मूसलाधार बारिश से पहाड़ का एक हिस्सा एक गांव पर गिर गया। इससे सैकड़ों घर मिट्टी और चट्टानों के नीचे दब गए हैं।

बचाव दल के लोग मौक़े पर पहुंच गए हैं और बचे हुए लोगों की तलाश कर रहे हैं।

पिछले हफ़्ते बाढ़ से हुई थी 150 लोगों की मौत

काबुल में बीबीसी संवाददाता डेविड लॉइन के अनुसार पिछले कुछ दिनों से उत्तरी और पूर्वी अफ़ग़ानिस्तान में भारी बारिश हो रही है। पिछले हफ़्ते बाढ़ से करीब 150 लोगों की मौत हो गई थी।

बीबीसी संवाददाता का कहना है कि यह हादसा काफ़ी बड़ा हो सकता है। इससे क़रीब एक हज़ार घर प्रभावित हुए हैं, जिसमें से तीन सौ तो उसी समय दब गए जब पहाड़ का हिस्सा नीचे की ओर आया।

चूंकि यह हादसा शुक्रवार को हुआ, जो अफ़ग़ानिस्तान में छुट्टी का दिन है, इसलिए लोग घरों में ही थे और पूरा परिवार मिट्टी के बड़े ढेर के नीचे दब गया। सैकड़ों अन्य घरों पर भी ख़तरा बना हुआ है।

बदख़्शां के पुलिस कमांडर फ़ज़लुद्दीन अयाज़ ने बीबीसी को बताया कि 215 परिवारों वाला हर्गू गांव मिट्टी और पत्थरों से ढका हुआ है।

राहत कार्य में मुश्किलें

उन्होंने कहा कि उस मलबे के नीचे से किसी के ज़िंदा निकलने की उम्मीद बहुत कम है। उनके मुताबिक, अगर उस दूरस्थ इलाके में बचाव के उपकरण हों तो भी खोद कर लोगों को निकालना बहुत मुश्किल होगा।

बदख़्शां में बीबीसी संवाददाता क़ुरबान अली हमज़ी ने कहा कि अब भी बारिश हो रही है और भूस्खलन की आशंका बनी हुई है।

बदख़्शां अफ़गानिस्तान का सबसे दूरस्थ पहाड़ी इलाक़ा है जो तज़ाकिस्तान, चीन और पाकिस्तान की सीमा से लगता है।

बीबीसी संवाददाता का कहना है कि बचे हुए लोगों की तलाश एक बड़ा काम है।
विज्ञापन

आस-पास के गांवों को कराया गया खाली

बदख़्शां प्रांत के गवर्नर शाह वलीउल्लाह अदीब ने समाचार एजेंसी एपी को बताया कि बचाव कर्मियों के पास पर्याप्त उपकरण नहीं हैं और उन्होंने बेलचों की मांग की है।

अदीब ने कहा, "फ़िलहाल व्यावहारिक रूप से यह असंभव है। हमारे पास पर्याप्त बेलचे नहीं हैं। हमें और उपकरण चाहिए।"

उन्होंने कहा कि और भूस्खलन की आशंका को देखते हुए आस-पास के गांवों को खाली करा लिया गया है।

पुलिस का कहना है कि शुक्रवार को अफ़ग़ानिस्तान में दोपहर के भोजन के वक्त भूस्खलन हुआ। बदख़्शां में गुरुवार को भी एक छोटा भूस्खलन हुआ था।
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें