भौतिकी के क्षेत्र में योगदान के लिए इस वर्ष तीन वैज्ञानिकों को नोबेल पुरस्कार दिया जाएगा। रॉयल स्वीडिश अकादमी ऑफ साइंसेज ने मंगलवार को लेजर भौतिकी के क्षेत्र में नई तकनीक की खोज के लिए अमेरिका के आर्थर एश्किन, फ्रांस के गेरार्ड मोरो और कनाडा की डोना स्ट्रिकलैंड के नाम का एलान किया।
अमेरिका के एश्किन (96) को ‘ऑप्टिकल ट्वीजर्स’ पर शोध के लिए चुना गया है। उन्होंने लेजर बीम से पार्टिकल्स, अणु, वायरस और कोशिकाओं को पकड़ने वाली तकनीक की खोज की है। दो अन्य विजेताओं मोरो और स्ट्रिकलैंड ने सबसे छोटी और तीव्र लेजर तरंगों की खोज की है, जिसका इस्तेमाल आंखों की सर्जरी में किया जा रहा है। पिछले साल भौतिकी का नोबेल अमेरिका के तीन वैज्ञानिकों को दिया गया था।
भौतिकी का नोबेल पाने वाली तीसरी महिला
55 वर्ष में पहली बार किसी महिला को भौतिकी का नोबेल दिया गया है। साथ ही स्ट्रिकलैंड यह सम्मान पाने वाली तीसरी महिला हैं। उनसे पहले 1963 में न्यूक्लियर स्ट्रक्चर पर खोज के लिए मारिया मेयर को यह पुरस्कार दिया गया था। वहीं, रेडियो एक्टिविटी की खोज के लिए 1903 में मैरी क्यूरी को पति पियरे क्यूरी और हैनरी बेक्वेरल को संयुक्त रूप से नोबेल दिया गया था।