कैलाश मानसरोवर यात्री (फाइल फोटो)
मौसम में सुधार के बाद कैलाश-मानसरोवर मार्ग को फिर से यात्रियों के लिए खोल दिया गया। इसी के साथ नेपाल में गुरुवार को दर्जनों भारतीय तीर्थयात्री नेपालगंज से सिमीकोट के लिए 10 वाणिज्यिक उड़ानों में रवाना हुए।
सूत्रों ने कहा कि मौसम में सुधार के बाद बुधवार से सिमीकोट और नेपालगंज के बीच नियमित उड़ाने शुरू हो गईं हैं।
उन्होंने बताया कि गुरुवार को अनेक भारतीय तीर्थयात्री 10 वाणिज्यिक उड़ानों में नेपालगंज से सिमीकोट के लिए रवाना हुए। उन्होंने बताया कि बुधवार को करीब एक सौ तीर्थयात्री सिमीकोट और हुमला के लिए रवाना हुए थे ताकि वे कैलाश मानसरोवर की ओर आगे बढ़ सकें।
इस बीच इस सप्ताह कैलाश मानसरोवर से लौटने के दौरान हिलसा और हुमला क्षेत्रों में फंसे सभी भारतीय तीर्थयात्रियों को हवाई मार्ग से उनके स्थानों तक पहुंचाया गया।
भारतीय दूतावास सूत्रों ने कहा कि खराब मौसम के चलते सिमीकोट में फंसे 165 तीर्थयात्रियों में से 110 को मौसम में सुधार के बाद सोमवार और मंगलवार को बाहर निकाला गया। बाकी 55 को बुधवार को हवाई मार्ग से नेपालगंज ले जाया गया।