मध्य नाइजीरिया में चरवाहों और किसानों के बीच हुई हिंसा में 86 लोगों की मौत हो गई। नाइजीरिया के राष्ट्रपति मुहम्मदू बुहारी ने यह जानकारी दी है। राज्य पुलिस कमिश्नर अंडी ऐडी ने बताया कि शनिवार को दो गुटों के बीच हुई झड़प के बाद अब तक 86 लोग मारे गए हैं। बर्किन लादी इलाके में इस हिंसा की शुरुआत बीते बृहस्पतिवार को ही हो गई थी जब किसानों ने चरवाहों पर हमला किया था।
उन्होंने संवाददाताओं को बताया कि हिंसक छड़प में छह अन्य लोग घायल हुए हैं जबकि करीब 50 घर ध्वस्त कर दिए गए हैं। उन्होंने बताया कि हिंसा में जो लोग मारे गए हैं, उनके शवों को उनके परिजनों को सौंप दिया गया है। सरकारी प्रवक्ता रूफस बेचर ने कहा कि हिंसा के बाद इलाकों में शाम छह बजे से सुबह छह बजे तक तत्काल प्रभाव से कर्फ्यू लगा दिया गया है।
बता दें कि नाइजीरिया में जमीन को लेकर लड़ाई का लंबा इतिहास रहा है। जातीय, धार्मिक और राजनीतिक वजहों से हुई हिंसा में दशकों से हजारों लोग मारे गए हैं। विशेषज्ञ इन हिंसक झड़पों को नाइजीरिया की सुरक्षा के लिए सबसे बड़ी चुनौती मानते आए हैं। भूमि और संसाधनों को लेकर हुई इस हालिया हिंसा से भी राष्ट्रपति मुहम्मदू बुहारी पर दबाव है। राष्ट्रपति को अगले साल चुनाव का सामना करना है।