अफगानिस्तान के पश्चिमी फराह प्रांत में एक हमले में आठ अफगान नागरिकों की मौत हो गई, जिनमें चार बच्चे शामिल हैं जबकि 22 अन्य घायल हो गए। हालांकि अफगान नागरिकों के मौत के निश्चित कारणों का पता नहीं चला है।
प्रांतीय गवर्नर के प्रवक्ता मोहम्मद नासेर मेहरी ने शनिवार को कहा कि हादसा सड़क किनारे एक बम विस्फोट के कारण हुआ, जिसे बाला बुलुक जिले में नियोजित किया गया था। लेकिन पीड़ितों के परिजनों का दावा है कि वे एक हवाईहमले में मारे गए। रक्षा मंत्रालय के प्रवक्ता जनरल दौलत वजीरी ने कहा कि हमले की जांच की जा रही है।
साथ ही उन्होंने कहा कि वो स्थानीय लोगों द्वारा लगाए गए आरोपों से वाकिफ हैं। वहीं, फरहा अस्पताल के निदेशक डॉक्टर अब्दुल हकीन रासौउली ने कहा कि 22 अन्य इस हमले में घायल हुए हैं, जिनमें से तीन की हालत गंभीर है। उन्हें पास के हेरात प्रांत में एक अस्पताल में स्थानांतरित कर दिया गया है।