साउथ कोरिया के मीरयांग अस्पताल में आग लगने से 41 लोगों की मौत हो गई जबकि 70 से ज्यादा लोग घायल हो गए हैं। आग स्थानीय समय के अनुसार शुक्रवार सुबह 7.30 बजे इमरजेंसी रुम में मिरयांग के सेजोंग अस्पताल में लगी थी। यह घटना राजधानी सीओल से 400 किलोमीटर दूर घटी। दमकलकर्मियों ने इस आग को तीन घंटे बाद बुझा लिया।
साउथ कोरिया की न्यूज एजेंसी योनहाप के अनुसार दमकलकर्मियों का मानना है कि मरने वाले लोगों की संख्या में इजाफा हो सकता है। इस आग में 9 लोग गंभीर रूप से घायल हैं।
कहा जा रहा है कि साउथ कोरिया में एक दशक बाद इतनी गंभीर आग लगी है। जलने की बजाए ज्यादातर लोग जहरीली गैस के धुएं में दम घुटने की वजह से मरे हैं। स्थानीय मीडिया की रिपोर्ट के अनुसार मरने वालो में एक डॉक्टर और दो नर्स शामिल हैं। ज्यादातर पीड़ीत बुजुर्ग बताए जा रहे हैं।
रिपोर्ट के अनुसार अस्पताल में आग बुझाने वाले यंत्र मौजूद नहीं थे। एक प्रत्यक्षदर्शी ने बताया कि अस्पताल में इतना ज्यादा धुआं होने की वजह से लोगों को तक पहुंचने में काफी परेशानी हो रही थी। कोरिया के राष्ट्रपति मून-जे-इन ने उच्च परामर्शदाताओं के साथ एक आपातकालीन बैठक बुलवाई है। 96 मरीज सही-सलामत बताए जा रहे हैं।