अमेरिका में एक के बाद एक बड़े तकनीकी और बैंकिंग संस्थानों की सेवाएं बाधित होने के बीच राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के राष्ट्रीय साइबर निदेशक सीन केयर्नक्रॉस अपने पद से हट रहे हैं। उनके पद छोड़ने की खबर ऐसे समय आई है, जब माइक्रोसॉफ्ट, प्रमुख अमेरिकी बैंक, विमानन सेवाएं और राष्ट्रीय सुरक्षा एजेंसी (एनएसए) से जुड़ी तकनीकी दिक्कतों ने देश में चिंता बढ़ा दी है। हाल ही में जेपी मॉर्गन चेस पर साइबर हमले की खबर ने इस चिंता को और गंभीर कर दिया है। हालांकि, अभी यह स्पष्ट नहीं है कि केयर्नक्रॉस किस तारीख को अपना पद छोड़ेंगे। उनकी विदाई को अमेरिका में लगातार सामने आ रही तकनीकी बाधाओं के बीच एक अहम घटनाक्रम माना जा रहा है।
सीन केयर्नक्रॉस ने पद छोड़ने का फैसला क्यों किया?
सीन केयर्नक्रॉस के पद छोड़ने की खबर ऐसे समय सामने आई है, जब अमेरिका में तकनीकी सेवाओं के लगातार बाधित होने से कई सवाल खड़े हो रहे हैं। बताया गया है कि उन्होंने अधिकारियों को अपने फैसले की जानकारी दी है। एक अधिकारी के मुताबिक, केयर्नक्रॉस इस पद पर अगले दो साल तक काम नहीं करना चाहते। हालांकि, उनके पद छोड़ने की अंतिम तारीख अभी तय नहीं हुई है। उनका यह फैसला माइक्रोसॉफ्ट आउटलुक की ईमेल सेवा में आई दिक्कत, यूनाइटेड एयरलाइंस की सेवाओं में बाधा, बड़े बैंकों से जुड़ी समस्याओं और एनएसए की तकनीकी परेशानी के बाद आया है। इसके अलावा, अमेरिका में संघीय विमानन प्रशासन (एफएए) को देशभर में विमानों की उड़ान रोकने का आदेश भी देना पड़ा था। इन घटनाओं ने अमेरिकी तकनीकी व्यवस्था की मजबूती पर सवाल खड़े किए हैं।
अमेरिका में किन सेवाओं पर पड़ा तकनीकी बाधाओं का असर?
अमेरिका में पिछले कुछ समय के दौरान कई महत्वपूर्ण सेवाओं में रुकावट देखने को मिली है। इन घटनाओं ने आम लोगों से लेकर बड़े संस्थानों तक की चिंता बढ़ाई है। आइए, बिंदुवार तरीके से समझते हैं...
- माइक्रोसॉफ्ट आउटलुक की ईमेल सेवा में वैश्विक स्तर पर बाधा आई।
- यूनाइटेड एयरलाइंस की सेवाएं तकनीकी दिक्कतों से प्रभावित हुईं।
- अमेरिका के बड़े बैंकिंग संस्थानों की सेवाओं में रुकावट सामने आई।
- राष्ट्रीय सुरक्षा एजेंसी (एनएसए) से जुड़ी सेवाओं में भी तकनीकी समस्याओं की खबर आई।
- संघीय विमानन प्रशासन (एफएए) को देशभर में विमानों की उड़ान रोकने का आदेश देना पड़ा।
- इन घटनाओं के कारण लोगों के बीच यह आशंका बढ़ी कि कहीं अमेरिका की डिजिटल और वित्तीय व्यवस्था पर कोई बड़ा साइबर हमला तो नहीं हो रहा है।
पद छोड़ने की असली वजह कहीं ये तो नहीं?
- एक्सिओस की रिपोर्ट के मुताबिक पद छोड़ने का फैसला हाल ही में अमेरिका में हुई तकनीकी गड़बड़ियों से जुड़ा नहीं बताया जा रहा है। उनका इस्तीफा आपसी सहमति से हुआ है। बताया गया है कि केयर्नक्रॉस इस पद पर अगले दो साल तक काम नहीं करना चाहते थे। उन्होंने ऐसे समय पद छोड़ने का फैसला किया है, ताकि ट्रंप प्रशासन उनके उत्तराधिकारी की नियुक्ति के लिए अमेरिकी सीनेट से समय रहते मंजूरी हासिल कर सके।
- दरअसल, नवंबर में हुए मध्यावधि चुनाव में ट्रंप की रिपब्लिकन पार्टी प्रतिनिधि सभा और सीनेट, दोनों में अपना बहुमत गंवा चुकी है। जनवरी में डेमोक्रेटिक पार्टी के दोनों सदनों का नियंत्रण संभालने की उम्मीद है। इसके बाद ट्रंप प्रशासन के नए अधिकारियों की नियुक्ति को सीनेट से मंजूरी दिलाना मुश्किल हो सकता है। इसलिए केयर्नक्रॉस का समय से पहले पद छोड़ना उत्तराधिकारी की नियुक्ति की प्रक्रिया से जुड़ा अहम फैसला माना जा रहा है।
केयर्नक्रॉस के बाद किस्टर्न संभालेंगे साइबर सुरक्षा की कमान
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने सीन केयर्नक्रॉस के उत्तराधिकारी के तौर पर किर्स्टन ए. डेविस को नामित किया है। हालांकि, उनकी नियुक्ति के लिए अमेरिकी सीनेट की मंजूरी जरूरी होगी। केयर्नक्रॉस राष्ट्रीय साइबर निदेशक कार्यालय का नेतृत्व कर रहे थे। यह कार्यालय अमेरिकी संघीय सरकार की विभिन्न एजेंसियों और निजी कंपनियों के साथ मिलकर देश की साइबर सुरक्षा से जुड़ी नीतियां और रणनीति तैयार करता है। केयर्नक्रॉस इससे पहले ट्रंप के पहले कार्यकाल में मिलेनियम चैलेंज कॉरपोरेशन के मुख्य कार्यकारी अधिकारी रह चुके हैं। इसके अलावा, उन्होंने व्हाइट हाउस में वरिष्ठ सलाहकार के तौर पर काम किया और रिपब्लिकन नेशनल कमेटी से भी जुड़े रहे। उनका पद छोड़ना ऐसे समय हुआ है, जब अमेरिका में हवाई यातायात, बैंकिंग और राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़ी सेवाओं में तकनीकी बाधाएं सामने आई हैं।
ट्रंप ने लोगों से घबराने और सामान जमा करने से क्यों मना किया?
लगातार सामने आ रही तकनीकी बाधाओं के बावजूद राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने लोगों से घबराने की जरूरत नहीं बताई है। एपीईसी शिखर सम्मेलन से पहले एक साक्षात्कार में उनसे पूछा गया कि क्या तकनीकी सेवाओं में रुकावट के कारण लोग खाने-पीने का सामान और पानी जमा कर रहे हैं। इस पर ट्रंप ने कहा कि लोगों को शांत रहना चाहिए, सब कुछ ठीक है। उन्होंने इन घटनाओं को अलग-अलग तकनीकी समस्याएं बताया और कहा कि मीडिया इन्हें जरूरत से ज्यादा चर्चा में ला रहा है। ट्रंप ने जेपी मॉर्गन चेस और अन्य संस्थानों की सेवाओं में आई रुकावट को सामान्य घटनाओं की तरह पेश किया। उन्होंने यह भी संकेत दिया कि इन घटनाओं को किसी एक बड़ी साजिश या समन्वित साइबर हमले से जोड़कर नहीं देखा जाना चाहिए। गौरतलब है कि इससे पहले ट्रंप ने अमेरिका के बिजली ग्रिड को लेकर राष्ट्रीय आपातकाल घोषित किया था। ऐसे में तकनीकी बाधाओं के बीच लोगों की चिंता और बढ़ गई थी।
जेपी मॉर्गन पर साइबर हमले में कितने ग्राहकों का डेटा उजागर हुआ?
अमेरिकी बैंकिंग दिग्गज जेपी मॉर्गन चेस ने गुरुवार को बताया कि उसके साथ काम करने वाले थर्ड पार्टी सेवा प्रदाताओं को साइबर हमले का निशाना बनाया गया। शुरुआती जांच में पता चला कि हमलावरों ने इन सेवा प्रदाताओं के पास मौजूद कुछ मार्केटिंग डेटा तक पहुंच बनाई। इसमें ग्राहकों के नाम और ईमेल पते शामिल हो सकते हैं। रिपोर्टों के मुताबिक, करीब 16 हजार संपन्न ग्राहकों के ईमेल पते और फोन नंबर उजागर हुए हैं। इसके अलावा, कुछ ग्राहकों के अकाउंट आईडी भी लीक होने की बात सामने आई है। एक रैनसमवेयर समूह ने जेपी मॉर्गन के साथ वीजा और मास्टरकार्ड के ग्राहकों का डेटा लीक करने की जिम्मेदारी लेने का दावा किया है। इस समूह ने खुद को गैर-लाभकारी संगठन बताया है। बैंक ने सोशल मीडिया पर कहा कि उसे अपने सेवा प्रदाताओं को निशाना बनाए जाने की जानकारी मिली है और वह मामले की जांच कर रहा है। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं है कि हमले के पीछे कौन था और लीक हुए डेटा का आगे क्या इस्तेमाल किया जा सकता है।
क्या अमेरिका में लगातार बढ़ रही हैं साइबर सुरक्षा से जुड़ी चुनौतियां?
अमेरिका में हालिया घटनाएं ऐसे समय सामने आई हैं, जब पिछले कुछ हफ्तों में कई बड़े तकनीकी व्यवधान देखने को मिले हैं। पिछले सप्ताह एफएए की ओर से देशभर में उड़ानों को रोकने का आदेश दिया गया था, जिससे हवाई यातायात प्रभावित हुआ। इससे पहले माइक्रोसॉफ्ट की ईमेल सेवा में भी वैश्विक स्तर पर रुकावट आई थी। पिछले महीने क्रिप्टोकरेंसी एक्सचेंज बाइनेंस पर भी बड़ा साइबर हमला हुआ था। अब जेपी मॉर्गन के थर्ड पार्टी सेवा प्रदाताओं को निशाना बनाए जाने की घटना ने बैंकिंग क्षेत्र की सुरक्षा पर सवाल खड़े कर दिए हैं। खास बात यह है कि इन घटनाओं के बीच अमेरिका के राष्ट्रीय साइबर निदेशक का पद छोड़ने का फैसला सामने आया है। हालांकि, अभी तक इन सभी घटनाओं के बीच किसी एक संगठित साइबर हमले का संबंध साबित नहीं हुआ है। ऐसे में सबसे बड़ा सवाल यह है कि क्या अमेरिका की डिजिटल व्यवस्था पर बढ़ते हमलों और तकनीकी खामियों से निपटने के लिए सुरक्षा व्यवस्था में बड़े बदलाव किए जाएंगे।