एनवीडिया प्रमुख एलिस के अलावा ट्रंप के भी करीबी
- फोटो : अमर उजाला ग्राफिक्स
दुनिया की सबसे बड़ी चिप कंपनी एनवीडिया के सीईओ जेनसन हुआंग ने पत्नी को धोखा देकर चीनी महिला कारोबारी एलिस हुआंग के साथ एक्स्ट्रा मैरिटल अफेयर की बात मान ली है। इनपुट के बावजूद अमेरिकी राष्ट्रपति ने कार्रवाई की पहल नहीं की, जिससे जेनसन और ट्रंप के करीबी रिश्तों पर फिर सवाल उठने लगे हैं।
हुआंग ट्रंप प्रशासन के एजेंडे के समर्थक
दरअसल, जेनसन सिलिकॉन वैली में ट्रंप के सबसे करीबी सहयोगियों में एक हैं और दोनों के बीच यह रिश्ता कम से कम 2025 से है। एनवीडिया सीईओ ने दो वर्षों में कई बार ट्रंप प्रशासन के एजेंडे का समर्थन किया है। साथ ही, जब एनवीडिया चीनी बाजार में अपने एडवांस्ड चिप्स बेचना चाह रही थी, तब जेनसन अक्सर वाशिंगटन में देखे जाते थे।
- जेनसन मई में राष्ट्रपति ट्रंप के साथ एयर फोर्स वन विमान से चीन गए थे, जो लगभग एक दशक में किसी अमेरिकी राष्ट्रपति की चीन की यह पहली यात्रा थी।
व्हिस्की डेट, टेक इवेंट्स से लेकर अरबों की डील तक
सीईओ हुआंग और चीनी महिला एलिस की करीबी को हनी ट्रैप एंगल से भी देखा जा रहा है। इस मामले से जुड़ी एक रिपोर्ट में दावा किया गया है कि व्हिस्की पार्टियों, टेक इवेंट्स और अरबों डॉलर के कारोबारी सौदों के बीच एलिस ने जेनसन से नजदीकियां बढ़ाई।
28 महीने पुराना कनेक्शन
खास बात ये भी है कि अमेरिकी कारोबारी जेनसन हुआंग और चीनी नागरिक एलिस हुआंग के बीच संबंध जून, 2024 से ही बताए जा रहे हैं। उस दौरान ताइपे में एक टेक्नोलॉजी ट्रेड शो के बाद दोनों को एक बार और फिर बाद में एक ही कार में साथ देखा गया था।
एनवीडिया सीईओ और एलिस विवाद से जुड़ी ये खबरें भी पढ़ें-
सिंगापुर की मेगास्पीड इंटरनेशनल में वरिष्ठ पद
एलिस को हुआंग ले के नाम से भी जाना जाता है। उन्होंने कॅरिअर की शुरुआत चीन टीवी पत्रकार के रूप में की थी। बाद में टेक सेक्टर में आईं और सिंगापुर की मेगास्पीड इंटरनेशनल में वरिष्ठ पद पर काम करने लगीं। इस कंपनी ने एनवीडिया से बड़ी मात्रा में शेयर खरीदे।
- अमेरिकी एजेंसियों को संदेह है कि एलिस चीन की खुफिया एजेंसियों के लिए काम कर रही थीं। उनका उद्देश्य एनवीडिया प्रमुख तक पहुंच बनाकर एआई इंडस्ट्री से जुड़ीं संवेदनशील जानकारियां हासिल करना हो सकता था।
शेयर बाजार में 32 लाख करोड़ स्वाहा
फिलहाल इस मामले में एनवीडिया ने अपने स्तर से भी जांच शुरू कर दी है। सोमवार को हुआंग के अफेयर विवाद की आंच एनवीडिया के बाजार मूल्य तक भी पहुंची। अमेरिकी शेयर बाजार में लिस्टेड एनवीडिया का शेयर सोमवार को शुरुआती कारोबार के दौरान शुक्रवार के 186.64 डॉलर के बंद भाव से 8% तक टूटकर 172.75 डॉलर पर आ गया। इससे कंपनी की बाजार पूंजी 340 अरब डॉलर (करीब 31.8 लाख करोड़ रुपये) घटकर 4.16 ट्रिलियन डॉलर रह गई, जो शुक्रवार को बाजार बंद होने पर 4.5 ट्रिलियन डॉलर थी।