अमेरिका के राष्ट्रपति जो बाइडन जब जी-7 समूह देशों के नेताओं के शिखर सम्मेलन के लिए ब्रिटेन की यात्रा पर आएंगे तो ब्रिटेन की महारानी एलिजाबेथ द्वितीय विंडसर कैसल में उनसे मुलाकात करेंगी।
महारानी के आधिकारिक निवास बकिंघम पैलेस से गुरुवार को जारी बयान के मुताबिक 11 से 13 जून तक इंग्लैंड के कॉर्नवाल में होने वाले सम्मेलन के आखिरी दिन महारानी अमेरिकी राष्ट्रपति और वहां की प्रथम महिला जिल बाइडन की मेजबानी करेंगी। गौरतलब है कि दो साल से अधिक समय के बाद दुनिया के सबसे अमीर औद्योगिक देशों के नेता पहली बार आमने-सामने की बैठक करेंगे।
विज्ञापन
माना जा रहा है कि इस सम्मेलन की मेजबानी कर रहा ब्रिटेन यह दिखाने के लिए इच्छुक है कि तेजी से बदलती दुनिया में अब भी अमीर देशों के इस संगठन की ताकत बरकरार है और इसकी भूमिका महत्वपूर्ण है। उल्लेखनीय है कि इस साल जी-7 समूह की अध्यक्षता ब्रिटेन के पास है। उसे इस बात की पूरी उम्मीद है कि ब्रेग्जिट के बाद ब्रिटेन की 'वैश्विक भूमिका' बढ़ाने में भी इससे मदद मिलेगी।