Pulitzer Prize: 2025 के पुलित्जर पुरस्कार विजेताओं को पत्रकारिता में 15 और कला जगत की 8 श्रेणियों में सम्मानित किया जाएगा। इनाम में स्वर्ण पदक और 15000 अमेरिकी डॉलर भी मिलेंगे। इस साल के पुलित्जर पुरस्कार विजेताओं में 68 साल के अमेरिकी उपन्यासकार पर्सीवल एवरेट का नाम चर्चा में है। इसके अलावा 40 वर्षीय नाटककार ब्रैंडन जैकब्स- जेनकिंस को भी विजेता चुना गया है। जानिए किसे कौन सा पुरस्कार मिलेगा
कला और पत्रकारिता जगत में मिलने वाले पुलित्जर पुरस्कार 2025 की घोषणा हो गई है। पत्रकारिता के क्षेत्र में 15 श्रेणियों में पुरस्कार दिए जाएंगे। इसके अलावा, पुस्तकों, संगीत और रंगमंच जैसे कला जगत की आठ श्रेणियों में भी पुलित्जर पुरस्कार दिए जाएंगे। सार्वजनिक सेवा क्षेत्र से चुने जाने वाले विजेता को स्वर्ण पदक दिया जाएगा। जबकि अन्य सभी विजेताओं को 15,000 डॉलर दिए जाएंगे।
विज्ञापन
अमेरिकी उपन्यासकार पर्सीवल एवरेस्ट के उपन्यास 'जेम्स' ने कथा साहित्य के लिए पुलित्जर पुरस्कार जीता है। यह उपन्यास 'द एडवेंचर्स ऑफ हकलबेरी फिन' की एक नई और अनोखी कहानी है, जो एक गुलाम की नजरों से दिखाई गई है। इसके अलावा, ब्रैंडन जैकब्स-जेनकिंस के नाटक 'पर्पस' ने पुलित्जर पुरस्कार जीता है। यह नाटक एक अमीर अश्वेत परिवार की कहानी है जो अपने ही अंदर के संघर्षों से जूझ रहा है। इसे पिछले सप्ताह टोनी पुरस्कारों के लिए भी 6 बार नामांकित किया गया था।
न्यूयॉर्क टाइम्स को चार और न्यू यॉर्कर को तीन पुरस्कार
पत्रकारिता जगत में उल्लेखनीय काम के लिए न्यूयॉर्क टाइम्स को चार, न्यू यॉर्कर को तीन और राष्ट्रपति ट्रंप की हत्या के प्रयास की खबर के विस्तृत कवरेज के लिए वाशिंगटन पोस्ट को पुलित्जर पुरस्कार 2025 के लिए चुना गया है।
पुलित्जर का प्रतिष्ठित सार्वजनिक सेवा पदक लगातार दूसरे साल प्रोपब्लिका को मिला। कविता सुराना, लिजी प्रेसर, कैसंड्रा जारामिलो और स्टेसी क्रैनिट्ज को गर्भवती महिलाओं पर रिपोर्टिंग के लिए सम्मानित किया गया। इन महिलाओं की मौत सख्त गर्भपात कानूनों वाले अमेरिकी राज्यों में डॉक्टरों द्वारा तत्काल देखभाल में देरी के कारण हुई थी।
पुलित्जर ने एन टेलनेस को किया सम्मानित
पुलित्जर के मुताबिक, वाशिंगटन पोस्ट ने ट्रंप की हत्या के प्रयास की तत्काल और रोशनी भरी (urgent and illuminating) ब्रेकिंग न्यूज कवरेज की। इसलिए इसे पुरस्कार के लिए चुना गया है। पुलित्जर ने एन टेलनेस को सम्मानित किया। इन्होंने जनवरी में वाशिंगटन पोस्ट छोड़ दिया था, जब समाचार आउटलेट ने उनके संपादकीय कार्टून को चलाने से इनकार कर दिया था। पुलित्जर ने उनकी 'निडरता' की प्रशंसा की। इसके अलावा, पत्रकारिता और कला जगत की हस्तियों को भी सम्मानित किया गया है।