छोटे विमान बीच 95-बी55 बैरन ने स्थानीय समयानुसार रात 10:11 बजे सैन कार्लोस हवाई अड्डे से उड़ान भरी थी। पैसिफिक ग्रोव के तट के पास विमान के इंजन की तेज आवाज और पानी में छपाके की आवाज सुनी गई। इसके बाद विमान का कुछ पता नहीं चला।
कैलिफोर्निया के तटीय शहर पैसिफिक ग्रोव में तीन लोगों को लेकर जा रहा छोटा निजी विमान हादसे का शिकार हो गया। हादसे की जानकारी मिलने के बाद मौके पर पहुंचे बचाव दलों ने विमान में सवार लोगों की तलाश शुरू कर दी है।
विज्ञापन
फ्लाइटअवेयर डॉट कॉम के उड़ान ट्रैकिंग डाटा के अनुसार एक छोटे विमान बीच 95-बी55 बैरन ने स्थानीय समयानुसार रात 10:11 बजे सैन कार्लोस हवाई अड्डे से उड़ान भरी थी। आखिरी बार उसे रात 10:37 बजे मॉन्टेरी के पास देखा गया। लोगों ने पैसिफिक ग्रोव के तट के पास विमान के इंजन की तेज आवाज और पानी में छपाके की आवाज सुनी। तट पर मौजूद लोगों ने दुर्घटनाग्रस्त विमान का मलबा बहता हुआ देखा। तटरक्षक अधिकारियों का अनुमान है कि विमान तट से लगभग 183 से 274 मीटर की दूरी पर दुर्घटनाग्रस्त हुआ।
आपातकालीन अधिकारियों ने शनिवार रात को विमान रडार के गायब होने की चेतावनी और निवासियों से 911 कॉल प्राप्त होने के बाद कार्रवाई की। अमेरिकी तट रक्षक और कैलिफोर्निया का वानिकी और अग्नि सुरक्षा विभाग ने दुर्घटना और खोज प्रयास किया। राष्ट्रीय परिवहन सुरक्षा बोर्ड इसकी जांच करेगा।
विमान के लैंडिंग गियर में लग गई थी आग
शनिवार को अमेरिका के डेनवर एयरपोर्ट पर अमेरिकन एयरलाइंस की मियामी जाने वाली फ्लाइट AA-3023 के लैंडिंग गियर में आग लग गई थी। विमान में 173 यात्री और छह क्रू मेंबर सवार थे। बोइंग 737 मैक्स 8 विमान टेकऑफ की तैयारी कर रहा था। उसी दौरान लैंडिंग गियर में तकनीकी खराबी के कारण धुआं उठने लगा और कुछ ही देर में उसमें आग लग गई। डेनवर एयरपोर्ट प्रशासन और फायर डिपार्टमेंट की टीम को तुरंत अलर्ट किया गया। मौके पर पहुंचकर फायर ब्रिगेड ने आग बुझाई।