ब्रिटेन के प्रिंस हैरी और उनकी पत्नी मेगन मर्केल की कार का न्यूयॉर्क में पीछा किया गया है। इस दौरान उनके साथ उनकी मां भी थी। रायटर्स ने ड्यूक ऑफ ससेक्स के प्रवक्ता के हवाले से बताया कि घटना मंगलवार की रात उस समय हुई जब शाही जोड़ा वीमेन ऑफ विजन अवॉर्ड सेरेमनी में शामिल होने के बाद लौट रहा था।
उनके प्रवक्ता ने कहा, ये विनाशकारी साबित हो सकता था। प्रिंस हैरी और मेगन मर्केल की कार का करीब दो घंटे तक पीछा किया गया। इस दौरान हादसा होते-होते बचा। यह जोड़ा किंग चार्ल्स के राज्याभिषेक के बाद पहली बार किसी सार्वजनिक कार्यक्रम में पहुंचा था।
कार का पीछा करने के दौरान प्रिंसेस डायना की हुई थी मौत
किंग चार्ल्स के ब्रिटेन के राजा के तौर राज्याभिषेक के बाद हैरी और मेगन मार्केल पहली बार वीमेन ऑफ विजन अवॉर्ड सेरेमनी में शामिल हुए थे। 1997 में प्रिंसेस डायना की पेरिस में पापराजी के पीछा किए जाने के दौरान एक कार एक्सीडेंट में मौत हो गई थी। कार में उनकी दोस्त डोडी फायेद भी थी। हादसे में डायना, उनकी दोस्त और कार के ड्राइवर की मौत हो गई थी। हैरी के प्रवक्ता ने बताया कि समारोह से लौटते वक्त करीब दो घंटे तक उनकी कार का पीछा किया गया।
क्या है पपराजी?
पापराजी उन स्वतंत्र फोटोग्राफर्स को कहते हैं जो खिलाड़ियों, अभिनेता, राजनेताओं के दैनिक जीवन के विभिन्न क्रियाकलापों की फोटो लेते हैं। ये मीडिया के सिद्धांतों के खिलाफ जाने चले जाते है और हस्तियों के निजी जीवन में भी तांक-झांक करते हैं। ये फोटोग्राफर्स रोजाना कुछ नया फोटो लेने की कोशिश करते हैं। सोशल मीडिया पर शेयर की गईं तस्वीरों में हैरी, उनकी पत्नी मेघन और मां रैगलैंड एक टैक्सी में दिखाई दे रही हैं.
शाही कर्तव्यों को छोड़कर चले गए थे अमेरिका
प्रिंस हैरी (38) और मेगन (41) ने 2020 में अपने शाही कर्तव्यों को छोड़कर अमेरिका चले गए थे। उन्होंने मीडिया से बचने के लिए यह कदम उठाया था। प्रिंस हैरी अक्सर शाही परिवार के सदस्यों में प्रेस की अवैध तरीके से घुसपैठ की बात करते रहते हैं। प्रिस हैरी अपनी मां डायना की मौत के लिए पापराजी को जिम्मेदार ठहराते हैं।