प्रिंस हैरी और किंग चार्ल्स की पिछली मुलाकात फरवरी 2024 में हुई थी, जब हैरी को पता चला था कि उनके पिता कैंसर से पीड़ित हैं। यब खबर मिलने पर वह तुरंत लंदन आए थे।
ड्यूक ऑफ ससेक्स प्रिंस हैरी ने बुधवार को अपने पिता किंग चार्ल्स तृतीय से लंदन स्थित क्लेरेंस हाउस में मुलाकात की। दोनों की यह मुलाकात करीब 19 महीने बाद हुई। इस दौरान दोनों ने साथ में चाय भी पी। बुधवार को प्रिंस हैरी को क्लेरेंस हाउस के गेट से अंदर जाते देखा गया। इससे पहले वह इम्पीरियल कॉलेज लंदन के 'सेंटर फॉर ब्लास्ट इंजरी स्टडीज' में एक कार्यक्रम में शामिल हुए थे।
विज्ञापन
क्वीन की पुण्यतिथि पर पहुंचे हैरी
ड्यूक ऑफ ससेक्स हैरी सोमवार को महारानी एलिज़ाबेथ द्वितीय की तीसरी पुण्यतिथि पर ब्रिटेन पहुंचे थे। इस दौरान उन्होंने कई चैरिटी संगठनों के कार्यक्रमों में भी भाग लिया।
पिछले साल कैंसर का पता चलने के बाद की थी मुलाकात
प्रिंस हैरी और किंग चार्ल्स की पिछली मुलाकात फरवरी 2024 में हुई थी, जब हैरी को पता चला था कि उनके पिता कैंसर से पीड़ित हैं। यब खबर मिलने पर वह तुरंत लंदन आए थे। उस समय उनकी मुलाकात लगभग 45 मिनट की हुई थी, जिसके बाद किंग चार्ल्स इलाज के लिए सैंड्रिंघम स्थित कंट्री एस्टेट चले गए थे।
विज्ञापन
बता दें कि प्रिंस हैरी और उनके पिता किंग चार्ल्स के बीच लंबे समय से दूरियां बनी हुई है। हालांकि बीते साल फरवरी में अपने पिता से आखिरी मुलाकात के बाद हैरी ने सुलह के संकेत दिए थे। उन्होंने एक साक्षात्कार में किंग चार्ल्स के कैंसर से पीड़ित होने की बात करते हुए कहा था कि सुरक्षा संबंधी बातों के कारण पिता मुझसे नाराज हैं, और मुझे नहीं पता कि उनके पास कितना वक्त और शेष है, ऐसे में मैं उनसे सुलह करना चाहता हूं।
2020 से रिश्तों में तनाव
हैरी अपनी पत्नी मेगन और अपने दो बच्चों के साथ घर छोड़कर साल 2020 में कैलिफोर्निया चले गए थे। उस समय से पिता और पुत्र के बीच संबंध खराब होने लगे थे। हालांकि, कैलिफोर्निया जाने के बाद भी वह बीच-बीच में ब्रिटेन आते रहते हैं। साल 2022 में महारानी एलिजाबेथ द्वितीय के अंतिम संस्कार में शामिल होने के लिए यहां आए थे। उसके बाद वह अपने पिता के राज्याभिषेक में शामिल हुए थे।