ब्रिटेन के राजकुमार हैरी और उनकी पत्नी मेगन मर्केल की दूसरी संतान बेटी होगी। दंपती ने ओपरा विनफ्रे को दिए एक साक्षात्कार में यह खुलासा किया। यह साक्षात्कार रविवार रात प्रसारित किया गया था। हैरी और मेगन का एक बेटा भी है, जो मई में दो साल का हो जाएगा।
हैरी ने कहा कि संतान के तौर पर पहले एक बेटा और फिर एक बेटी पाना, इससे अधिक आप क्या चाह सकते हैं? अब हम एक परिवार हैं। हम चारों और हमारे दो पालतू कुत्ते। हैरी ने उनके और मर्केल के शाही कर्तव्य छोड़ने के फैसले से महारानी को धक्का पहुंचाने की खबरों को खारिज करते हुए कहा कि कई बार बातचीत करने के बाद यह कदम उठाया गया।
उन्होंने कहा, ‘‘ मैंने अपनी दादी को कोई झटका नहीं दिया। मैं उनकी बहुत इज्जत करता हूं।’’ साथ ही उन्होंने बताया कि उनके पिता प्रिंस चार्ल्स ने अब उनका फोन उठाना बंद कर दिया है। वहीं, मर्केल ने बताया कि हैरी से शादी करने के बाद उन्हें आत्महत्या करने जैसे ख्याल आने लगे थे और पैलेस ने उन्हें इस संबंध में मदद लेने से रोका।
उन्होंने बताया कि शाही परिवार के एक वरिष्ठ अधिकारी से जब उन्होंने कहा कि उन्हें मानसिक स्वास्थ्य के लिए मदद की जरूरत है तो उसने उन्हें कहा कि यह परिवार के लिए अच्छा नहीं है। मेगन ने यह भी बताया कि जब वह पहली बार गर्भवती हुई, तो उनके होने वाले बच्चे के रंग को लेकर भी कई सवाल हुए।
न्यूजीलैंड की प्रधानमंत्री जेसिंडा अर्डर्न ने कहा है कि शाही परिवार के संबंध में हाल में दिए ब्रिटेन के प्रिंस हैरी और उनकी पत्नी मेगन मर्केल के साक्षात्कार से न्यूजीलैंड और ब्रिटेन के संवैधानिक संबंधों पर कोई फर्क नहीं पड़ेगा। ब्रिटेन की महारानी एजिलाबेथ द्वितीय न्यूजीलैंड की भी महारानी और राष्ट्राध्यक्ष हैं।
अर्डर्न से सवाल किया था कि हैरी और मेगन ने ब्रितानी शाही परिवार की जो अनाकर्षक तस्वीर पेश की है, क्या उसके बाद ब्रिटेन के साथ न्यूजीलैंड के संवैधानिक संबंधों पर कोई असर पड़ेगा। इसके जवाब में प्रधानमंत्री ने कहा, ‘‘मैंने पहले भी कहा है कि मुझे नहीं लगता कि न्यूजीलैंड के लोग हमारी संवैधानिक व्यवस्था में कोई खास बदलाव चाहते हैं और मुझे नहीं लगता कि इसमें हाल में कोई बदलाव आने वाला है।’’
यह पूछे जाने पर कि क्या हैरी और मेगन ने न्यूजीलैंड में रहने के संबंध में बात की थी, अर्डर्न ने कहा कि जहां तक उनकी जानकारी है, तो दंपती ने ऐसी कोई बात नहीं की। दंपती ने 2018 में न्यूजीलैंड की यात्रा की थी। उसके बाद से मेगन के साथ अर्डर्न की निजी मित्रता के बारे में पूछे जाने पर प्रधानमंत्री ने कहा कि वे एक-दूसरे के संपर्क में हैं।
उन्होंने कहा, ‘‘जिन मामलों की यहां बात की जा रही है, तो उन पर आपको मेगन और हैरी से सीधे बात करनी चाहिए। ये उनके व्यक्तिगत जीवन एवं व्यक्तिगत फैसलों से जुड़े मामले हैं और मुझे नहीं लगता कि इस पर किसी और को टिप्पणी करनी चाहिए।’’