डोनाल्ड ट्रंप और जस्टिन ट्रूडो
- फोटो : ANI
अमेरिका की तरफ से कनाडा पर भारी-भरकम टैरिफ लगाने की बात पर कनाडाई प्रधानमंत्री जस्टिन ट्रूडो की तरफ से नवनिर्वाचित राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की तरफ से 29 नवंबर को मार-ए-लागो में मुलाकात की गई। लेकिन इस मुलाकात के बाद डोनाल्ड ट्रंप की तरफ से सोशल मीडिया ट्रूथ सोशल पर एक पोस्ट किया गया है, जिससे दुनिया भर में सनसनी फैल गई है। दरअसल, इस पोस्ट में डोनाल्ड ट्रंप ने कनाडाई पीएम को ग्रेट स्टेट कनाडा का गवर्नर बताया है। जिसके बाद इस पर तरह-तरह की प्रतिक्रिया आ रही है, वहीं ये भी सवाल उठ रहे हैं कि क्या कनाडा अमेरिका का 51वां राज्य बनने वाला है?
सोशल मीडिया ट्रूथ सोशल पर ट्रंप का पोस्ट
ट्रंप ने अपने पोस्ट में लिखा- ग्रेट स्टेट ऑफ कनाडा के गवर्नर जस्टिन ट्रूडो के साथ पिछली रात डिनर करना बहुत खुशी की बात थी। मैं जल्द ही गवर्नर से फिर मिलने की उम्मीद करता हूं ताकि हम टैरिफ और व्यापार पर अपनी गहन बातचीत जारी रख सकें, जिसके परिणाम सभी के लिए वाकई शानदार होंगे! यहां बता दें कि ये दूसरी बार है, जब नवनिर्वाचित अमेरिकी राष्ट्रपति की तरफ से कनाडा के प्रधानमंत्री का मजाक उड़ाया गया है।
ट्रंप और ट्रूडो की मुलाकात के दौरान क्या हुआ?
इससे पहले, 29 नवंबर को मार-ए-लागो में दोनों नेताओं की मुलाकात के दौरान कई मुद्दों पर चर्चा हुई, लेकिन इस दौरान दो अहम मुद्दे थे, जिस पर ट्रंप और ट्रूडो ने खास बातचीत की, इसमें सीमा से जुड़े मुद्दे और व्यापार घाटे के साथ-साथ अमेरिका की तरफ से कनाडाई वस्तुओं पर 25 फीसदी टैरिफ लगाने का मुद्दा मुख्य रहा। वहीं टैरिफ को लेकर ट्रूडो ने ट्रंप से कहा कि ये प्रस्ताव कनाडा की अर्थव्यवस्था को बर्बाद कर देगा।
अवैध अप्रवासी और ड्रग्स की आमद पर बिफरे ट्रंप
इस चर्चा के दौरान डोनाल्ड ट्रंप ने जस्टिन ट्रूडो से कहा कि अगर 25 फीसदी टैरिफ से कनाडा की अर्थव्यवस्था को खतरा है तो कनाडा को अमेरिका का 51वां राज्य बन जाना चाहिए। हालांकि नवनिर्वाचित अमेरिकी राष्ट्रपति की तरफ से ये बात मजाक में कही गई। दरअसल, डोनाल्ड ट्रंप इस बात से चिंतित है कि कनाडा से बड़े पैमाने पर अवैध अप्रवासी और ड्रग्स की आमद है। इसकी वजह से कनाडा के साथ अमेरिका का व्यापार घाटा 100 बिलियन डॉलर से अधिक हो गया है। इसे लेकर ट्रंप ने कनाडा को चेतावनी दी है कि अगर कनाडा इन मुद्दों को ठीक नहीं करता है तो वो पद संभालने से पहले ही सभी कनाडाई वस्तुओं पर भारी-भरकम टैरिफ लगा देंगे।
51वें राज्य के गवर्नर बन सकते हैं ट्रूडो- डोनाल्ड ट्रंप
इसके बाद डोनाल्ड ट्रंप ने कनाडाई पीएम को सुझाव दिया कि कनाडा को अमेरिका का 51वां राज्य बन जाना चाहिए, जिसे सुनकर ट्रूडो समेत अन्य अधिकारी एकदम हैरान रह गए। हालांकि इस दौरान हंसते हुए ट्रंप ने ये भी कहा कि प्रधानमंत्री का पद एक बेहतर पद है, लेकिन वे अब भी अमेरिका के 51वें राज्य के गवर्नर बन सकते हैं।