अमेरिका के इतिहास में पहली बार किसी मौजूदा राष्ट्रपति के हस्ताक्षर वहां की मुद्रा पर दिखाई देंगे। यह एक ऐतिहासिक बदलाव माना जा रहा है, क्योंकि इससे पहले कभी भी पद पर बैठे राष्ट्रपति के हस्ताक्षर करेंसी पर नहीं हुए हैं।
अमेरिका की करेंसी डॉलर में बड़ा बदलाव होने वाला है। जल्द ही अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के हस्ताक्षर अमेरिकी नोटों पर दिखाई देंगे। साल 1861 में डॉलर बिल की शुरुआत होने के बाद यह पहली बार है, जब किसी मौजूदा राष्ट्रपति के हस्ताक्षर देश की मुद्रा पर होंगे। अमेरिकी ट्रेजरी द्वारा लिया गया यह फैसला, इस साल अमेरिकी आजादी की 250वीं सालगिरह के जश्न के मौके पर लिया गया है।
विज्ञापन
अमेरिकी ट्रेजरर ब्रैंडन बीच ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर एक पोस्ट में इस बात की जानकारी दी। उन्होंने लिखा कि अमेरिका की 250वीं वर्षगांठ के उपलक्ष्य में राष्ट्रपति डोनाल्ड जे ट्रंप के हस्ताक्षर ट्रेजरी सचिव स्कॉट बेसेंट के हस्ताक्षर के साथ अमेरिकी मुद्रा पर नजर आएंगे। यह इतिहास में पहली बार हो रहा है। यह राष्ट्रपति के नेतृत्व और देश के प्रति उनके समर्पण का प्रतीक है, जिसका देश पर लंबे समय तक प्रभाव रहेगा। बीच ने आगे कहा इतिहास में राष्ट्रपति की पहचान अमेरिका के 'स्वर्ण युग' के आर्थिक सुधारों के निर्माता के रूप में है। अमेरिकी मुद्रा पर उनके हस्ताक्षर होना न केवल सही है, बल्कि वह इसके हकदार भी हैं।
इससे पहले इसी महीने एक संघीय कला आयोग ने 24 कैरेट सोने के एक खास सिक्के के डिजाइन को मंजूरी दी थी। इस सिक्के पर राष्ट्रपति ट्रंप की तस्वीर है और इसे भी आजादी की 250वीं सालगिरह के जश्न के हिस्से के रूप में तैयार किया गया है।
ट्रेजरी सचिव स्कॉट बेसेंट ने एक बयान में कहा कि राष्ट्रपति ट्रंप के नेतृत्व में देश आर्थिक विकास, डॉलर के दबदबे और वित्तीय मजबूती के रास्ते पर है। उन्होंने कहा देश की ऐतिहासिक उपलब्धियों और राष्ट्रपति डोनाल्ड जे ट्रंप को सम्मान देने के लिए अमेरिकी डॉलर पर उनके नाम से बेहतर कोई और तरीका नहीं हो सकता। आजादी की 250वीं सालगिरह पर इस ऐतिहासिक मुद्रा को जारी करना बिल्कुल सही है