रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने शुक्रवार को मॉस्को के एक खचाखच भरे फुटबॉल स्टेडियम में दिए गए अपने भाषण में यूक्रेन पर हमले को फिर जायज बताया। इस रैली के दौरान हजारों लोगों ने रशिया...रशिया...रशिया के नारे लगाए व रूसी झंडे लहराए। इसके बीच पुतिन ने वादा किया रूस अपनी योजना में कामयाब होगा। पुतिन भाषण दे ही रहे थे कि सरकारी टेलीविजन पर अचानक प्रसारण ठप हो गया।
प्रसारण ठप होने को लेकर रूसी राष्ट्रपति के मुख्यालय क्रेमलिन ने कहा कि टीवी नेटवर्क के सर्वर में तकनीकी बाधा आने से भाषण का कवरेज अप्रत्याशित रूप से बाधित हो गया था। यह कार्यक्रम मॉस्को के लुज्निकी स्टेडियम में हुआ था। पुतिन ने अपने भाषण में कहा, 'हम जानते हैं कि हमें क्या करना है? कैसे करना है? और किस कीमत पर इस लक्ष्य का प्राप्त करना है? हम हमारी सारी योजना को पूरी करेंगे।' 69 वर्षीय पुतिन ने इस रैली में यह अहम बात कही। रैली के मंच से 'वर्ल्ड विदाउट नाजिज्म', 'फॉर अवर प्रेसीडेंट' जैसे नारे लगाए गए।