मालदीव के राष्ट्रपति मोहम्मद मुइज्जू ने शनिवार को भारत-मालदीव संबंधों को मजबूत करने में पीएम नरेंद्र मोदी की भूमिका की सराहना की। इस दौरान राष्ट्रपति ने कहा कि आने वाले दिनों में द्विपक्षीय संबंध और भी मजबूत होंगे।
राष्ट्रपति मुइज्जू ने माले में पत्रकारों से बात की। इस दौरान उन्होंने कहा कि पीएम मोदी एक अद्भुत व्यक्ति हैं, जो भारत के पड़ोसियों के साथ अच्छे संबंध बनाना चाहते हैं। मुइज्जू ने कहा, 'मालदीव और भारत के बीच सदियों पुराने बहुत अच्छे संबंध हैं। मुझे यकीन है कि आने वाले दिनों में यह और भी मजबूत होंगे'
बता दें कि पीएम मोदी ने 25-26 जुलाई को मालदीव का दौरा किया और राष्ट्रपति मुइज्जू के साथ वार्ता की। दोनों नेताओं की उपस्थिति में कई समझौता ज्ञापनों पर हस्ताक्षर और विभिन्न क्षेत्रों में द्विपक्षीय संबंधों को बढ़ावा देने हेतु कुछ समझौतों का आदान-प्रदान हुआ।
ये भी पढ़ें: David Nabarro: इबोला से लेकर कोरोना तक जंग का नेतृत्व करने वाले डॉक्टर का निधन, WHO प्रमुख ने दुख जताया
पीएम मोदी की मालदीव यात्रा से FTA और यूपीआई पर शुरू हुई बातचीत
पीएम मोदी की मालदीव कई मायनों में अहम रही। इस यात्रा से भारत-मालदीव मुक्त व्यापार समझौता (FTA) पर बातचीत शुरू हुई। इसके अलावा, यूपीआई को मालदीव में शुरू करने के लिए भारत की NPCI इंटरनेशनल पेमेंट लिमिटेड (NIPL) और मालदीव मौद्रिक प्राधिकरण (MMA) के बीच बातचीत शुरू हुई।
यूपीआई से भारत-मालदीव आने-जाने वाले लोगों को होगा फायदा
यूपीआई समझौते के बारे में पूछे जाने पर, राष्ट्रपति मुइज्जू ने कहा कि इससे मालदीव और भारत आने-जाने वाले लोगों को बहुत फायदा होगा। मुक्त व्यापार समझौते (FTA) के बारे में उन्होंने कहा कि उन्हें इससे काफी उम्मीदें हैं और यह जल्द ही पूरा हो सकता है। जब पत्रकारों ने पूछा की उनकी अगली भारत यात्रा कब होगी, तो मुइज्जू ने कहा कि उम्मीद है यह जल्द ही होगी।
मालदीव के विकास में भारत की भूमिका पर भी बात की
राष्ट्रपति मुइज्जू ने मालदीव के विकास में भारत की भूमिका पर भी बात की। उन्होंने कहा, 'आप सभी ने देखा है कि भारत ने अतीत में मालदीव के विकास में मदद की है। और, इसमें कोई संदेह नहीं है कि आगे चलकर भारत एक बहुत ही महत्वपूर्ण साझेदार होगा।' उन्होंने यह भी कहा कि भारत मालदीव में पर्यटन बढ़ाने में एक अहम भूमिका निभा रहा है। उन्होंने कहा की पीएम मोदी की इस यात्रा से दोनों देशों के लोगों के बीच संबंध और बेहतर होंगे।
ये भी पढ़ें: Taiwan: सत्तारूढ़ डीपीपी को बड़ा झटका, मतदान के जरिए चीन समर्थक विपक्षी सांसदों को हटाने की कोशिश नाकाम
जनवरी 2024 में दोनों देशों के रिश्तों में आई थी दरार
गौरतलब है कि जनवरी 2024 में, मालदीव के तीन अधिकारियों ने सोशल मीडिया पर भारत और प्रधानमंत्री मोदी को लेकर आपत्तिजनक टिप्पणियां की थीं। उस समय पीएम मोदी ने अपने एक्स हैंडल पर भारत के लक्षद्वीप द्वीप की तस्वीरें और वीडियो शेयर की थीं। इसके बाद भारत में लोगों ने मालदीव की यात्रा रद्द करनी शुरू कर दी थी। इस साल के अंत में मुइज्जू की भारत यात्रा के बाद ही हालात सुधरने शुरू हुए।
संबंधित वीडियो