इस्राइल-हमास युद्ध के बीच गाजा में 25 वर्षों में पहला पोलिया का मामला दर्ज किया गया है। जॉर्डन में परीक्षण के दौरान मध्य गाजा पट्टी के एक बिना टीकाकरण वाले 10 महीने के बच्चे में वायरस की पुष्टि हुई है। फलस्तीनी स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार, पोलियो का यह मामला तब पकड़ में आया, जब संयुक्त राष्ट्र प्रमुख एंटोनियो गुटेरेस ने हजारों बच्चों का टीकाकरण करने के लिए इस्राइल-हमास युद्ध को रोकने का आह्वान किया था। 25 वर्षों तक पोलियो के बिना रहने के बाद, गाजा पट्टी में इसके फिर से उभरने से पड़ोसी देशों को खतरा हो सकता है।
फलस्तीनी स्वास्थ्य मंत्रालय ने शुक्रवार को कहा, जॉर्डन की राजधानी अम्मान में आवश्यक परीक्षण करने के बाद पोलियो संक्रमण की एक 10 महीने के बच्चे में पुष्टि हुई है। यह मामला तब सामने आया जब गुटेरेस ने गाजा युद्ध में 640000 से अधिक बच्चों का टीकाकरण करने के लिए दो सात दिनों के ब्रेक का आह्वान किया।
संयुक्त राष्ट्र और स्वास्थ्य एजेंसियों ने कहा कि फलस्तीनी क्षेत्र में बच्चों तक पहुंचने के लिए विस्तृत योजना बनाई गई है, जो इस महीने से शुरू हो सकती है। लेकिन, इसके लिए इस्राइल-हमास के बीच 10 महीने से चल रहे युद्ध को रोकना होगा। विश्व स्वास्थ्य संगठन और संयुक्त राष्ट्र बाल कोष यूनिसेफ ने कहा कि वे गाजा पट्टी में टाइप 2 पोलियोवायरस (सीवीडीपीवी2) के खिलाफ अगस्त के अंत में शुरू होने वाले दो सात दिवसीय टीकाकरण अभियान की योजना बना रहे हैं।
एजेंसियों ने एक बयान में कहा, 'लड़ाई में ये ठहराव बच्चों और परिवारों को स्वास्थ्य सुविधाओं तक सुरक्षित रूप से पहुंचने और सामुदायिक आउटरीच कार्यकर्ताओं को उन बच्चों तक पहुंचने की अनुमति देगा जो पोलियो टीकाकरण के लिए स्वास्थ्य सुविधाओं तक नहीं पहुंच सकते हैं।'
संयुक्त राष्ट्र प्रमुख गुटेरेस ने न्यूयॉर्क स्थित संयुक्त राष्ट्र मुख्यालय में संवाददाताओं से बात की। इस दौरान उन्होंने कहा, 'पोलियो को फैलने से रोकने के लिए व्यापक, समन्वित और तत्काल प्रयास की आवश्यकता होगी। मैं सभी पक्षों से अपील कर रहा हूं कि वे अभियान के लिए मानवीय ठहराव की गारंटी देते हुए तुरंत ठोस आश्वासन दें।'
बता दें कि पिछले महीने 23 जून को यह घोषणा की गई थी कि गाजा में एकत्र किए गए नमूनों में टाइप 2 पोलियोवायरस पाया गया था।