रूस के उत्तरी काकेशस में गोलीबारी का खबर सामने आई है। रूसी समाचार एजेंसियों ने गुरुवार को बताया कि रूस के उत्तरी काकेशस गणराज्य इंगुशेतिया (Ingushetia) में गोलीबारी की घटना में तीन पुलिसकर्मियों की मौत हो गई है, जबकि आठ अन्य घायल हो गए हैं। बता दें कि काकेशस या काकेशिया, काला सागर और कैस्पियन सागर के बीच का एक क्षेत्र है। जिसमें मुख्य रूप से अर्मेनिया, अजरबैजान, जॉर्जिया और दक्षिणी रूस के कुछ हिस्से शामिल हैं।
इंगुशेतिया चेचन्या की सीमा से सटे रूस के उत्तरी काकेशस में एक बहुसंख्यक-मुस्लिम गणराज्य है। यहां 2000 के दशक की शुरुआत में अधिकारियों के साथ इस तरह की झड़पें अपेक्षाकृत आम हुआ करती थीं, लेकिन हाल के वर्षों में यह कम हो गई हैं।
रूसी समाचार एजेंसियों ने कानून प्रवर्तन सूत्रों के हवाले से बताया कि जयाजिकोव-यूर्ट (Zyazikov-Yurt) गांव में एक निजी घर में छिपे एक गिरोह के साथ गोलीबारी के दौरान तीन पुलिसकर्मी मारे गए और आठ अन्य घायल हो गए। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में आतंकवाद विरोधी अभियान जारी है।
रूसी मीडिया के मुताबिक, ऑपरेशन के दौरान पुलिस ने समूह को हिरासत में लेने की कोशिश की, लेकिन उन्होंने गोलियां चला दीं। पिछले हफ्ते अधिकारियों ने बताया था कि इंगुशेतिया और पड़ोसी उत्तर ओसेशिया की सीमा पर एक पुलिस पोस्ट पर गोलीबारी की गई थी, जिसमें दो पुलिसकर्मी घायल हो गए थे। चेचन्या में दो अलगाववादी युद्धों सहित सोवियत संघ के टूटने के बाद उत्तरी काकेशस उग्रवाद का केंद्र बन गया था।