प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से द्विपक्षीय वार्ता के बाद अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने आतंकवाद से निपटने को लेकर प्रतिबद्धता दोहराई। ट्रंप ने कहा कि भारत और अमेरिका मिलकर इस्लामिक आतंकवाद से निपटेंगे।
पाक पीएम इमरान खान द्वारा आईएसआई की ओर से आतंकियों को प्रशिक्षण देने की बात स्वीकार करने के सवाल पर ट्रंप ने कहा, भारतीय प्रधानमंत्री मोदी इससे निपटने में सक्षम हैं और वह इसका समाधान जरूर करेंगे। इसके साथ ही ट्रंप ने मोदी को ‘फादर ऑफ इंडिया’ बताया। दोनों नेताओं के बीच चार महीने में यह चौथी मुलाकात थी।
संयुक्त राष्ट्र महासभा के 74वें सत्र से इतर मंगलवार को हुई 40 मिनट की वार्ता के बाद अमेरिकी राष्ट्रपति ने कहा कि आतंकवाद पर पीएम मोदी के साथ खुलकर बात हुई। ह्यूस्टन में आतंकवाद पर मोदी ने सख्त और स्पष्ट संदेश दिया था।
बीते 24 घंटे में कश्मीर मुद्दे पर दो बार मध्यस्थता की बात करने वाले ट्रंप ने कहा कि भारत और पाकिस्तान को मिलकर इसका समाधान करना चाहिए। यदि पीएम नरेंद्र मोदी और पाकिस्तान के इमरान खान कश्मीर पर कुछ करते हैं तो यह अच्छा होगा।
ट्रंप ने ऑफ द ट्रैक मोदी से इमरान खान से बातचीत करने का अनुरोध किया। बैठक के बाद विदेश सचिव विजय गोखले ने बताया कि दोनों नेताओं के बीच बातचीत अच्छी रही। दोनों ने व्यापार सहित आपसी संबंधों को मजबूत बनाने पर जोर दिया।
व्यापार समझौता जल्द, मिलेंगी 50 हजार नौकरियां
अमेरिकी राष्ट्रपति ने कहा कि भारत और अमेरिका के बीच जल्द ही व्यापार समझौता होगा। अमेरिका ने पांच जून को भारत से जीएसपी दर्जा वापस ले लिया था, जिसके बाद दोनों देशों के व्यापारिक संबंधों में तल्खी देखने को मिली थी। व्यापार समझौते को लेकर पूछे गए एक सवाल के जवाब में मोदी ने कहा, भारतीय कंपनी पेट्रोनेट ने दो दिन पहले ही ऊर्जा क्षेत्र में 2.5 अरब डॉलर का निवेश किया है। आने वाले समय में दोनों देशों के बीच 60 अरब डॉलर का व्यापार होगा ओर इससे 50 हजार नौकरियां मिलेंगी।
मोदी भारत के एलविस प्रेस्ली
ट्रंप ने कहा कि मुझे वह भारत याद है जो काफी अस्थिर था। वहां काफी मतभेद, लड़ाई थी, लेकिन वह सबको साथ लेकर आए। जैसे कि एक पिता सबको साथ लाता है। शायद वह भारत के पिता हैं। हम उन्हें फादर ऑफ इंडिया बुलाएंगे। ट्रंप ने कहा कि मोदी भारत में अमेरिकी रॉकस्टार एलविस प्रेस्ली की तरह ही लोकप्रिय हैं। मैं पीएम मोदी और भारत को बहुत पसंद करता हूं।
ट्रंप भारत के अच्छे दोस्त: मोदी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हाउडी मोदी कार्यक्रम में आने के लिए ट्रंप का धन्यवाद दिया। मोदी ने कहा कि ट्रंप मेरे ही नहीं, बल्कि भारत के भी अच्छे दोस्त हैं। मैं आभारी हूं कि ट्रंप ह्यूस्टन आए और इतना समय दिया। अमेरिका में रहने वाले भारतीयों के लिए गर्व का क्षण था। मैं तहेदिल से ट्रंप का धन्यवाद करता हूं। वार्ता के दौरान पीएम के साथ विदेश मंत्री एस जयशंकर, केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल और अन्य अधिकारी मौजूद रहे।