क्वाड नेताओं के सम्मेलन में अल्बनीज, मोदी, अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडन और जापान के प्रधानमंत्री फुमियो किशिदा को हिस्सा लेना था। अल्बनीज ने ब्रिसबेन में एबीसी रेडियो से कहा, प्रधानमंत्री मोदी मेरे साथ द्विपक्षीय बैठक के लिए अगले सप्ताह यहां आएंगे। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी कारोबारी बैठकें भी करेंगे और सिडनी में ओलंपिक स्थल पर होमबुश में एक सार्वजनिक कार्यक्रम की मेजबानी करेंगे।
अल्बनीज ने कहा, वह ऑस्ट्रेलिया-भारत व्यापार संबंधों पर भी बातचीत करेंगे और मैं सिडनी में उनका स्वागत करने को लेकर उत्सुक हूं।हालांकि, उन्होंने संकेत दिया कि जापान के प्रधानमंत्री फुमियो किशिदा बाइडन की घोषणा के मद्देनजर अपनी यात्रा रद्द कर देंगे। उन्होंने कहा, प्रधानमंत्री किशिदा अभी क्वाड बैठक के लिए आ रहे थे। एक अलग द्विपक्षीय कार्यक्रम तय नहीं था। इससे पहले अल्बनीज ने कहा कि क्वाड बैठक रद्द होने के बावजूद प्रधानमंत्री मोदी निश्चित रूप से अगले सप्ताह ऑस्ट्रेलिया में स्वागत योग्य अतिथि होंगे।
19 मई से तीन देशों की यात्रा पर पीएम मोदी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 19 मई से तीन देशों की यात्रा पर जाएंगे और इस दौरान वह जापान में जी-7 शिखर सम्मेलन में हिस्सा लेंगे। जापान की मेजबानी में जी-7 शिखर सम्मेलन के लिए प्रधानमंत्री मोदी 19 से 21 मई तक जापान के हिरोशिमा में रहेंगे। वह जापान के प्रधानमंत्री फुमियो किशिदा के निमंत्रण पर जापान की यात्रा पर जा रहे हैं। शिखर सम्मेलन के दौरान प्रधान मंत्री जी-7 सत्रों को संबोधित करेंगे। अपने संबोधन के दौरान वह दुनिया में शांति, स्थिरता और समृद्धि; खाद्य, उर्वरक और उर्जा सुरक्षा; स्वास्थ्य; लैंगिक समानता, जलवायु परिवर्तन और पर्यावरण; बुनियादी ढांचा और विकास सहयोग जैसे विषयों पर बोलेंगे। प्रधानमंत्री शिखर सम्मेलन से इतर प्रतिभागी नेताओं के साथ द्विपक्षीय बैठकें भी करेंगे।
जापान से पापुआ न्यू गिनी जाएंगे मोदी
जापान से प्रधानमंत्री पापुआ न्यू गिनी के पोर्ट मोरेस्बी जाएंगे, जहां वह 22 मई को पापुआ न्यू गिनी के प्रधानमंत्री जेम्स मारापे के साथ संयुक्त रूप से 'फोरम फॉर इंडिया-पैसिफिक आइलैंड्स कोऑपरेशन' (एफआईपीआईसी III शिखर सम्मेलन) के तीसरे शिखर सम्मेलन की मेजबानी करेंगे।
पापुआ न्यू गिनी का जाने वाले पहले भारतीय प्रधानमंत्री
पापुआ न्यू गिनी की किसी भारतीय प्रधानमंत्री की यह पहली यात्रा होगी। 2014 में शुरू किए गए एफआईपीआईसी में भारत और 14 प्रशांत द्वीप देश (फिजी, पापुआ न्यू गिनी, टोंगा, तुवालु, किरिबाती, समोआ, वानुअतु, नियू, फेडरेटेड स्टेट्स ऑफ माइक्रोनेशिया, मार्शल आइलैंड्स रिपब्लिक, कुक आइलैंड्स, पलाऊ, नाउरू और सोलोमन द्वीप) शामिल हैं। विदेश मंत्रालय की एक विज्ञप्ति में कहा गया है कि प्रधानमंत्री मोदी पापुआ न्यू गिनी में द्विपक्षीय वार्ता करेंगे, जिसमें गवर्नर जनरल सर बॉब डाडे और प्रधानमंत्री जेम्स मारापे के साथ बैठकें शामिल हैं।