प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शनिवार को दिल्ली विश्वविद्यालय के श्रीराम कॉलेज ऑफ कॉमर्स (एसआरसीसी) के शताब्दी समारोह में शामिल होने के लिए दिल्ली मेट्रो से पहुंचे। मेट्रो में यात्रा के दौरान प्रधानमंत्री मोदी ने यात्रियों और छात्रों से बातचीत की। उनके हाथ में मेट्रो कार्ड भी नजर आया।
प्रधानमंत्री की मेट्रो यात्रा ने आम यात्रियों के रोजमर्रा के सफर को खास बना दिया। पीएम मोदी ने ट्रेन में मौजूद लोगों से बातचीत की और छात्रों से भी संवाद किया। इसके बाद वह एसआरसीसी के लिए रवाना हुए, जहां उन्हें शताब्दी समारोह को संबोधित करना है।
13 साल पहले गए क्यों एसआरसीसी गए थे पीएम मोदी?
एसआरसीसी अपनी स्थापना के 100 वर्ष पूरे होने का जश्न मना रहा है। प्रधानमंत्री मोदी इस कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हो रहे हैं। केंद्रीय शिक्षा मंत्री प्रह्लाद जोशी भी समारोह में मौजूद रहे। शताब्दी समारोह का आयोजन राष्ट्रीय शिक्षक दिवस के मौके पर किया जा रहा है। कार्यक्रम में कॉलेज के वर्तमान छात्रों के साथ पूर्व प्राचार्य, शिक्षक और पूर्व छात्र भी शामिल हुए। इस तरह समारोह में संस्थान की अलग-अलग पीढ़ियों की भागीदारी देखने को मिली।
प्रधानमंत्री मोदी इससे पहले 2013 में एसआरसीसी पहुंचे थे। उस समय वह गुजरात के मुख्यमंत्री थे। करीब 13 साल बाद उनका कॉलेज पहुंचना इस संस्थान के साथ उनके पुराने जुड़ाव को भी दर्शाता है। प्रधानमंत्री मोदी का एसआरसीसी का दौरा ऐसे समय हो रहा है, जब भारतीय जनता पार्टी युवा पीढ़ी तक अपनी पहुंच बढ़ाने के प्रयास कर रही है।
कार्यक्रम में शामिल होने से पहले पीएम ने दिया था क्या संदेश?
प्रधानमंत्री मोदी ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर एक पोस्ट में कहा था, “कुछ ही देर में शाम सात बजे मैं दिल्ली विश्वविद्यालय के प्रतिष्ठित श्रीराम कॉलेज ऑफ कॉमर्स में इसके शताब्दी समारोह में शामिल होने पहुंचूंगा। इस कॉलेज ने वर्षों के दौरान खुद को विशिष्ट बनाया है। इसने शैक्षणिक उत्कृष्टता, संस्थान निर्माण और कारोबार, सार्वजनिक जीवन तथा समाज में नेतृत्व करने वाली कई पीढ़ियों को तैयार करने के क्षेत्र में अपनी अलग पहचान बनाई है।”
पीएम मोदी ने अप्रैल में जारी किया था विशेष स्मारक डाक टिकट
इस साल अप्रैल में प्रधानमंत्री ने अपने आवास पर कॉलेज के शासी निकाय और प्रतिनिधिमंडल से मुलाकात की थी। यह मुलाकात संस्थान की स्थापना के 100 वर्ष पूरे होने के अवसर पर हुई थी। इस मौके पर प्रधानमंत्री ने एक विशेष स्मारक डाक टिकट भी जारी किया था।एसआरसीसी देश के प्रमुख उच्च शिक्षण संस्थानों में शामिल है। यह वाणिज्य, अर्थशास्त्र और प्रबंधन के क्षेत्र में अपनी शैक्षणिक पहचान के लिए जाना जाता है।