सार
PM Modi In G7 Summit: कनाडा के कानानास्किस में चल रहे जी-7 शिखर सम्मेलन में हिस्सा लेने मंगलवार को कनाडा पहुंचे पीएम मोदी ने दक्षिण कोरिया के राष्ट्रपति ली जे-म्यंग और मैक्सिको की राष्ट्रपति क्लाउडिया शीनबाम के अलावा कई वैश्विक नेताओं से मुलाकात की। इस दौरान पीएम मोदी ने कई अहम मुद्दों पर चर्चा की, जिसमें व्यापार, फार्मास्यूटिकल्स, विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी, डिजिटल नवाचार जैसे मुद्दे शामिल है।
जी-7 शिखर सम्मेलन के दौरान कई वैश्विक नेताओं से मिले पीएम मोदी
- फोटो : ANI
कनाडा के कानानास्किस में चल रहे जी-7 शिखर सम्मेलन में भाग लेने पहुंचे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंगलवार को सम्मेलन से इतर दक्षिण कोरिया के राष्ट्रपति ली जे-म्यंग और मैक्सिको की राष्ट्रपति क्लाउडिया शीनबाम पार्डो ओब्रादोर समेत कई वैश्विक नेताओं से मुलाकात की। इस दौरान पीएम मोदी ने ग्लोबल साउथ की प्राथमिकताओं सहित प्रमुख वैश्विक और क्षेत्रीय मुद्दों पर भी बातचीत की। आइए जानते है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने किन-किन नेताओं से मुलाकात की और किन विषयों पर चर्चा हुईं....
पीएम नरेंद्र मोदी और दक्षिण कोरिया के राष्ट्रपति ली जे-म्यंग
- फोटो : ANI
पीएम मोदी और दक्षिण कोरियाई राष्ट्रपति की मुलाकात
कनाडा के कानानास्किस में चल रहे 51वें जी-7 शिखर सम्मेलन के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दक्षिण कोरिया के राष्ट्रपति ली जे-म्यंग से मुलाकात की। यह बैठक समिट के इतर हुई, जिसमें दोनों नेताओं ने भारत-दक्षिण कोरिया के विशेष रणनीतिक साझेदारी को और मजबूत करने की प्रतिबद्धता दोहराई।
इन मुद्दों पर बनी सहमति
दोनों नेताओं के बीच मुलाकात के दौरान व्यापार और अर्थव्यवस्था, नई और उभरती तकनीकें, ग्रीन हाइड्रोजन, जहाज निर्माण, संस्कृति और लोगों के आपसी संपर्क जैसे कई क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने पर सहमति बनी। इसके अलावा उन्होंने क्षेत्रीय और वैश्विक मुद्दों पर भी विचार साझा किए। इस मुलाकात को दोनों देशों के द्विपक्षीय संबंधों को नई दिशा देने वाला अहम कदम माना जा रहा है।
मैक्सिकन राष्ट्रपति क्लाउडिया शीनबाम और पीएम नरेंद्र मोदी
- फोटो : ANI
मैक्सिकन राष्ट्रपति से मिले पीएम मोदी
शिखर सम्मेलन के दौरान पीएम मोदी ने कनानास्किस में मैक्सिकन राष्ट्रपति क्लाउडिया शीनबाम से मुलाकात की। इस दौरान दोनों नेताओं ने व्यापार, फार्मास्यूटिकल्स, विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी, डिजिटल नवाचार में भारत-मैक्सिको सहयोग को और गहरा करने के तरीकों पर चर्चा की। साथ ही पीएम मोदी और मैक्सिकन राष्ट्रपति शीनबाम ने ग्लोबल साउथ की प्राथमिकताओं सहित प्रमुख वैश्विक और क्षेत्रीय मुद्दों पर भी बातचीत की।
ये भी पढ़ें:- G7 Summit LIVE: जी7 मंच पर पहुंचे पीएम मोदी; कनाडाई पीएम मार्क कॉर्नी ने किया स्वागत
रणधीर जायसवाल ने दी जानकारी
पीएम नरेंद्र मोदी और मैक्सिकन राष्ट्रपति शीनबाम की मुलाकात को लेकर विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर जानकारी दी। जहां उन्होंने लिखा कि पीएम मोदी और राष्ट्रपति क्लाउडिया शीनबाउम के बीच हुई इस मुलाकात ने भारत-मैक्सिको के ऐतिहासिक रिश्तों को और मजबूत किया।
दक्षिण अफ्रीका के राष्ट्रपति सिरिल रामाफोसा और पीएम मोदी की मुलाकात
- फोटो : एक्स@narendramodi
दक्षिण अफ्रीका के राष्ट्रपति से मिले पीएम मोदी
कनाडा के कानानास्किस में चल रहे जी-7 शिखर सम्मेलन के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दक्षिण अफ्रीका के राष्ट्रपति सिरिल रामाफोसा से मुलाकात की। यह मुलाकात सम्मेलन के इतर हुई, जिसमें दोनों नेताओं ने आपसी संबंधों और वैश्विक मुद्दों पर चर्चा की। प्रधानमंत्री मोदी ने इस मुलाकात की जानकारी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर साझा करते हुए लिखा कि जी-7 समिट में दक्षिण अफ्रीका के राष्ट्रपति श्री सिरिल रामाफोसा से बातचीत कर खुशी हुई।
पीएम नरेंद्र मोदी और ऑस्ट्रेलिया के प्रधानमंत्री एंथनी अल्बनी की मुलाकात
- फोटो : एक्स@narendramodi
पीएम मोदी और ऑस्ट्रेलियाई प्रधानमंत्री की मुलाकात
जी-7 शिखर सम्मेलन के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ऑस्ट्रेलिया के प्रधानमंत्री एंथनी अल्बनीज से मुलाकात की। इस दौरान दोनों नेताओं ने आपसी संबंधों को और मजबूत बनाने पर चर्चा की। प्रधानमंत्री मोदी ने इस मुलाकात की जानकारी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक तस्वीर साझा करत हुए दी। जहां पीएम मोदी ने लिखा कि कनाडा में जी-7 समिट के दौरान अपने मित्र, ऑस्ट्रेलिया के प्रधानमंत्री एंथनी अल्बनीज से मिलकर अच्छा लगा।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और जर्मनी के चांसलर फ्रेडरिक मर्ज
- फोटो : PTI
पीएम मोदी और जर्मन चांसलर फ्रेडरिक मर्ज की द्विपक्षीय बैठक
कनाडा में चल रहे 51वें जी-7 शिखर सम्मेलन के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और जर्मनी के चांसलर फ्रेडरिक मर्ज की द्विपक्षीय बैठक हुई। यह बैठक समिट के इतर आयोजित की गई। इस मुलाकात में दोनों नेताओं ने भारत और जर्मनी के बीच मजबूत होते रिश्तों, व्यापार, हरित ऊर्जा, विज्ञान और तकनीक सहित कई महत्वपूर्ण क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने पर चर्चा की। इसके साथ ही वैश्विक और क्षेत्रीय मुद्दों पर भी विचार साझा किए गए।
बैठक रणनीतिक साझेदारी और गहरा करने के लिए अहम
इसके साथ ही बैठक को दोनों देशों के बीच रणनीतिक साझेदारी को और गहरा करने की दिशा में एक अहम कदम माना जा रहा है। प्रधानमंत्री मोदी इस समय जी-7 सम्मेलन में हिस्सा लेने के लिए कनाडा में हैं, जहां वे कई वैश्विक नेताओं से मुलाकात कर रहे हैं और ‘ग्लोबल साउथ’ की प्राथमिकताओं को प्रमुखता से रख रहे हैं।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों से द्विपक्षीय मुलाकात की
- फोटो : ANI
पीएम मोदी और फ्रांस के राष्ट्रपति मैक्रों की मुलाकात
कनाडा के कानानास्किस में चल रहे जी-7 शिखर सम्मेलन के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों से द्विपक्षीय मुलाकात की। इस मुलाकात की शुरुआत दोनों नेताओं के गर्मजोशी से गले मिलने के साथ हुई। दोनों नेताओं ने आपसी रिश्तों को और मजबूत करने के लिए विभिन्न मुद्दों पर बातचीत की। भारत और फ्रांस के बीच रक्षा, व्यापार, जलवायु परिवर्तन और वैश्विक शांति जैसे विषयों पर लंबे समय से मजबूत सहयोग रहा है। यह बैठक उसी साझेदारी को और गहरा करने की दिशा में एक अहम कदम मानी जा रही है।
पीएम नरेंद्र मोदी और कनाडा के पीएम मार्क कार्नी की मुलाकात
- फोटो : ANI
कनाडाई पीएम मार्क कार्नी से मिले पीएम मोदी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंगलवार को कनाडा के कानानास्किस शहर में चल रहे 51वें जी-7 शिखर सम्मेलन के दौरान कनाडा के प्रधानमंत्री मार्क कार्नी से मुलाकात की। यह बैठक सम्मेलन से इतर द्विपक्षीय बातचीत के तहत हुई। इस मुलाकात के दौरान दोनों नेताओं ने भारत-कनाडा संबंधों को बेहतर बनाने, व्यापार, निवेश, स्वच्छ ऊर्जा और तकनीकी सहयोग जैसे अहम मुद्दों पर चर्चा की। इसके अलावा वैश्विक और क्षेत्रीय विषयों पर भी विचार-विमर्श किया गया।
भारत-कनाडा संबंध
गौरतलब है कि दोनों देशों के रिश्तों में हाल के वर्षों में उतार-चढ़ाव आए हैं, लेकिन इस मुलाकात को द्विपक्षीय संबंधों को नई दिशा देने के रूप में देखा जा रहा है। पीएम मोदी ने कहा कि भारत और कनाडा के बीच लोकतांत्रिक मूल्य और आपसी सहयोग की मजबूत नींव है, जिसे आगे और मजबूत किया जा सकता है।
पीएम नरेंद्र मोदी और ब्रिटिश पीएम कीर स्टार्मर की मुलाकात
- फोटो : ANI
ब्रिटिश प्रधानमंत्री कीर स्टार्मर और पीएम मोदी की मुलाकात
सम्मेलन के दौरा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ब्रिटेन के पीएम कीर स्टार्मर से मुलाकात की। इस दौरान दोनों नेताओं ने कई अहम मुद्दों पर चर्चा भी की। मुलाकात के बाद पीएम मोदी ने ब्रिटेन के प्रधानमंत्री कीर स्टारमर के साथ हुई बातचीत को बेहद शानदार बताया है। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट करते हुए पीएम मोदी ने लिखा कि ब्रिटिश प्रधानमंत्री कीर स्टारमर से बेहतरीन बातचीत हुई। भारत और ब्रिटेन के रिश्ते लगातार मजबूत हो रहे हैं, जो व्यापार और वाणिज्य जैसे क्षेत्रों में हमारी प्रगति से साफ झलकता है। हम इस शानदार दोस्ती को और आगे बढ़ाने के लिए मिलकर काम करते रहेंगे।