जापान दौरे पर पहुंचे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने टोक्यों में जापानी पीएम फुमियो किशिदा से मुलाकात की। इस दौरान दोनों नेताओं के बीच भारत-जापान संबंध को लेकर चर्चा हुई। फुमियो किशिदा के साथ द्विपक्षीय बैठक के दौरान पीएम मोदी ने कहा, मुझे विश्वास है कि आपके नेतृत्व में भारत-जापान संबंध गहरे होंगे और नई ऊंचाइयों को छुएंगे और हम दुनिया की समस्याओं को हल करने में एक उपयुक्त भूमिका निभा पाएंगे।
शिंजो आबे को किया याद
इस दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पूर्व जापानी पीएम शिंजो आबे को भी याद किया। उन्होंने कहा, दुख की इस घड़ी में आज हम मिल रहे हैं। पिछली बार जब मैं आया था तो मेरी जापान के पूर्व प्रधानमंत्री शिंजो आबे के साथ लंबी बातचीत हुई थी। भारत शिंजो आबे को याद कर रहा है।
आबे के अंतिम संस्कार में हुए शामिल
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जापान के पूर्व प्रधानमंत्री शिंजो आबे के राजकीय अंतिम संस्कार में भी शामिल हुए। इस दौरान वे काफी भावुक नजर आए। पीएम मोदी के अलावा अमेरिका की उपराष्ट्रपति कमला हैरिस भी आबे के अंतिम संस्कार में पहुंची हैं। इसके अलावा 20 से अधिक राष्ट्राध्यक्ष और शासनाध्यक्षों समेत 100 से अधिक देशों के प्रतिनिधि जापान पहुंचे हैं। बता दें जापान के पूर्व प्रधानमंत्री शिंजो आबे की जुलाई में गोली मारकर हत्या कर दी गई थी।
पीएम मोदी ने कही यह बात
पीएम मोदी ने कहा कि जब मैं इस साल की शुरुआत में टोक्यो में था, तो मैंने कभी नहीं सोचा था कि मैं पूर्व पीएम आबे के राजकीय अंतिम संस्कार के गंभीर कार्यक्रम के लिए वापस आऊंगा। वह एक महान नेता, एक असाधारण व्यक्ति और भारत-जापान मित्रता में विश्वास करने वाले व्यक्ति थे। वह लाखों लोगों के दिलों में जिंदा रहेंगे।
इस बीच राजकीय अंतिम संस्कार के बाद पीएम मोदी ने अकासा पैलेस में अकी आबे के साथ एक निजी बैठक की। प्रधानमंत्री ने अबे सैन के साथ अपनी प्यारी यादों को याद किया और इस अपूर्णनीय नुकसान पर अपनी हार्दिक संवेदना व्यक्त की। विदेश मंत्रालय अरिंदम बागची ने यह जानकारी दी।