पाकिस्तान के प्रधानमंत्री इमरान खान शनिवार को अपने राजनीतिक विरोधियों पर भड़क उठे। उन्होंने अपने राजनीतिक विरोधी भुट्टो व शरीफ परिवारों पर पाकिस्तान में भ्रष्टाचार को बढ़ावा देने और देश को तबाह करने का आरोप लगाया।
अल जजीरा न्यूज चैनल को दिए एक साक्षात्कार में इमरान खान ने कहा कि पाकिस्तान संसााधनों की दृष्टि से अमीर था, लेकिन भुट्टो व शरीफ परिवारों ने इनका अनुचित इस्तेमाल किया। यह साक्षात्कार पाक टीवी ने शनिवार को प्रसारित किया।
पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ (पीटीआई) पार्टी के प्रमुख इमराम खान ने देश के पूर्व प्रधानमंत्री नवाज शरीफ की पाकिस्तान मुस्लिम लीग (पीएमएल-एन) और दिवंगत नेता बेनजीर भुट्टो की पाकिस्तान पीपुल्स पार्टी (पीपीपी) की आलोचना करते हुए कहा कि ये पार्टियां नहीं बल्कि वंशवाद है। भ्रष्टाचार और देश की वर्तमान समस्याओं के लिए ये दोनों दल जिम्मेदार हैं।
पाकिस्तान में पूर्व पीएम जुल्फिकार अली भुट्टो व नवाज शरीफ की पार्टी प्रमुख विपक्षी दल हैं। भुट्टो की दिवंगत बेटी बेनजीर भुट्टो का बेटा बिलावल भुट्टो और नवाज शरीफ की बेटी मरियम फिलहाल इमरान के खिलाफ विपक्ष का झंडा थामे हुए हैं।
इमरान खान ने कहा कि भ्रष्टाचार सबसे बड़ी बुराई है। विकासशील देशों में अभिजात्य वर्ग अपने ही लोगों को गरीब रखकर पश्चिमी दुनिया में संसाधनों का दुरुपयोग कर रहे थे। जियो न्यूज की रिपोर्ट के अनुसार पाक पीएम ने कहा कि उनकी सरकार चाहती है कि पाकिस्तान एक समृद्ध देश बने। वह पाकिस्तान के दो अति अमीर परिवारों के खिलाफ लड़ रहे हैं। खान ने कहा कि भ्रष्टाचार किसी देश को तबाह कर देता है। गरीब देश इसलिए गरीब नहीं हैं क्योंकि उनके पास संसाधनों की कमी है बल्कि इसलिए कि उनका नेतृत्व भ्रष्ट है।
लंदन में इलाज करा रहे नवाज शरीफ
इलाज के लिए फिलहाल लंदन में रह रहे पूर्व प्रधानमंत्री शरीफ पाकिस्तान में भ्रष्टाचार के आरोपों का सामना कर रहे हैं। पाकिस्तान के पूर्व राष्ट्रपति और दिवंगत प्रधानमंत्री बेनजीर भुट्टो के पति आसिफ अली जरदारी पर भी भ्रष्टाचार के कई आरोप लगे हैं।
पाक पीएम ने कि यदि उनकी सरकार के मंत्रियों पर भ्रष्टाचार के आरोप लगे तो मैं खुद पारदर्शी जांच कराऊंगा। क्रिकेटर से राजनेता बने खान ने कहा कि ब्रिटेन में अपने लंबे प्रवास के दौरान, वह पश्चिम की राजनीतिक व्यवस्था से अच्छी तरह वाकिफ हो गए और उन्होंने हमेशा पश्चिमी शक्तियों की राजनीति की आलोचना की है।
हर मंच पर उठाएंगे कश्मीर मुद्दा
पाकिस्तान के प्रधानमंत्री ने यह भी कहा कि उनकी सरकार कश्मीर मुद्दे को हर मंच पर उठाएगी। भारत ने पाकिस्तान द्वारा जम्मू-कश्मीर के संदर्भ में स्पष्ट रूप से खारिज कर दिया है और कहा है कि यह भारत का एक अभिन्न और अविभाज्य हिस्सा है। नई दिल्ली ने बार-बार इस्लामाबाद से कहा है कि वह देश के आंतरिक मामलों में दखल न दे।
अफगानिस्तान में भुखमरी के हालात
अफगान संकट पर चिंता व्यक्त करते हुए इमरान खान ने कहा कि पड़ोसी देश में लोग अत्यधिक भूख का सामना कर रहे हैं और अमेरिका को उनका समर्थन करना चाहिए। हालांकि 9/11 के आतंकी हमलों में कोई भी अफगान शामिल नहीं था, फिर भी अमेरिका द्वारा अज्ञात कारणों से अफगानिस्तान पर हमला किया गया। खान ने कहा कि अगर अफगानिस्तान में अराजकता फैलती है, तो पाकिस्तान को इसके परिणाम भुगतने होंगे। उसकी युद्धग्रस्त अफगानिस्तान से 2,600 किलोमीटर लंबी सीमा जुड़ी है।