नेपाल के प्रधानमंत्री शेर बहादुर देउबा और नेकपा (माओवादी केंद्र) के प्रमुख पुष्पकमल दहल प्रचंड ने शनिवार को बैठक की। दोनों नेता देश में नई बहुमत वाली सरकार के हिस्से के रूप में अपने सत्तारूढ़ पांच दलों के गठबंधन को जारी रखने पर सहमत हुए।
नेपाल के संसदीय चुनावों के नतीजे जैसे-जैसे समाप्ति के करीब आ रहे हैं, शीर्ष राजनीतिक दलों ने राजनीतिक अस्थिरता को खत्म करने के लिए नई सरकार के गठन के प्रयास तेज कर दिए हैं।
बीते रविवार को प्रतिनिधि सभा (हाउस ऑफ रिप्रेजेंटेटिव्स) और सांत प्रांतों की विधानसभा के लिए चुनाव हुए। मतगणना सोमवार को शुरू हुई। पार्टी सूत्रों के मुताबिक, प्रधानमंत्री देउबा और नेपाल कम्युनिस्ट पार्टी (नेकपा)- माओवादी केंद्र के प्रमुख प्रचंड ने काठमांडू के बालुवातार में प्रधानमंत्री आवास पर मुलाकात की।
नेकपा-माओवादी केंद्र की स्थायी समिति के सदस्य गणेश शाह ने बताया कि बैठक के दौरान दोनों नेताओं ने मौजूदा राजनीतिक घटनाक्रमों पर चर्चा की और नई सरकार के गठन की संभावनाओं पर बात की।
शाह ने कहा, दोनों नेता वर्तमान सत्तारूढ़ गठबंधन को जारी रखने के लिए एक सहमति पर पहुंच गए हैं। उन्होंने भरोसा जताया कि पांच दलों के गठबंधन के पास संसद में बहुमत की सरकार बनाने के लिए पर्याप्त ताकत होगी।
उन्होंने कहा, उपेंद्र यादव के नेतृत्व वाली जनता समाज पार्टी भी नेपाली कांग्रेस के नेतृत्व वाले सत्तारूढ़ गठबंधन में शामिल होगी और दोनों मधेसी पार्टियों के समर्थन से हमारे पास सरकार बनाने के लिए पर्याप्त बहुमत होगा।