अमेरिकी में दो अंतरराष्ट्रीय छात्रों का वीजा बहाल, देश से निकालने पर रोक
दूसरी ओर वीजा के मामले में जारी विवाद के बीच अमेरिका में पढ़ रहे दो अंतरराष्ट्रीय छात्रों को राहत मिली है। ओरेगन के एक संघीय न्यायाधीश ने सोमवार को अमेरिकी सरकार को इन छात्रों का वीजा दोबारा बहाल करने का आदेश दिया और फिलहाल उन्हें देश से बाहर निकालने पर भी रोक लगा दी है। यह आदेश ओरेगन स्टेट यूनिवर्सिटी और ओरेगन यूनिवर्सिटी में पढ़ रहे दो छात्रों द्वारा दायर मुकदमों के बाद आया। इन छात्रों के वीजा हाल ही में बिना किसी चेतावनी के रद्द कर दिए गए थे।
बता दें कि यह मामला 32 वर्षीय मैक्सिकन नागरिक आरोन ऑर्टेगा गोंजालेज और 29 वर्षीय ब्रिटिश छात्रा (जिनकी पहचान "जेन डो" के नाम से की गई है) से जुड़ा है। एक छात्र ओरेगन स्टेट यूनिवर्सिटी में डॉक्टरेट कर रहा है और दूसरा ओरेगन यूनिवर्सिटी में दो मास्टर डिग्रियों की पढ़ाई कर रहा है।
ये भी पढ़ें:- US: डोनाल्ड ट्रंप की बढ़ीं मुश्किलें, फंडिंग रोकने की धमकी पर हार्वर्ड यूनिवर्सिटी ने दायर किया मुकदमा
जज ने आईसीई से पूछे तीखे सवाल
मामले में यूएस डिस्ट्रिक्ट जज माइकल मैकशेन ने मामले की सुनवाई करते हुए सरकारी वकीलों से पूछा कि आखिर वीजा रद्द करते समय कौन से नियमों का पालन किया गया। उन्होंने इमिग्रेशन एजेंसी (आईसीई) से सवाल किया, यह तय करने के लिए कौन-से नियम हैं कि कब कोई कार्रवाई उचित है और कब नहीं?
सुनवाई के दौरान सरकार की ओर से वकील पैट्रिक कोंटी ने कहा कि उनके पास सभी दस्तावेज और जानकारी इकट्ठा करने का पूरा समय नहीं था। साथ ही उन्होंने यह भी दावा किया कि छात्रों को अब तक कोई स्थायी नुकसान नहीं हुआ है क्योंकि अंतिम फैसला अब तक नहीं आया है।
अमेरिका में वीजा को लेकर संघर्ष करते छात्र
गौरतलब है कि इन दिनों अमेरिका में वीजा को लेकर अंतरराष्ट्रीय छात्रों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। पूरे अमेरिका भर में 1,000 से ज्यादा छात्रों को ऐसी ही स्थिति का सामना करना पड़ा है, जिनका वीजा अचानक खत्म कर दिया गया। कई छात्रों ने अलग-अलग राज्यों में मुकदमे दायर किए हैं और कई जगहों पर जजों ने ऐसे छात्रों को अस्थायी राहत दी है।