ऑस्ट्रेलियाई पीएम स्कॉट मॉरिसन जंगल की आग से परेशान लोगों का हाल जानने को न्यू साउथ वेल्स के कोबार्गो शहर गए तो उन्हें भला-बुरा सुनने को मिला। शहर के लोगों ने आग से निपटने के लिए सरकारी प्रयासों को कोसा और मॉरिसन से कहा कि आपको यहां से एक भी वोट नहीं मिलने वाला। मॉरिसन की गाड़ी के पीछे दौड़ते हुए लोगों ने उन्हें आपत्तिजनक शब्द भी कहे।
आग बुझाने के काम में जुटे वालंटियर ने उनके साथ हाथ मिलाने तक इनकार कर दिया। इस दौरान एक स्थानीय व्यक्ति ने मॉरिसन से कहा, ‘आपको यहां से एक भी वोट नहीं मिलेगा। आप सत्ता से जाने वाले हैं।’ एक महिला ने मॉरिसन से पूछा, ‘जो लोग मर गए, आपने उनके लिए क्या सोचा है। जिनके घर जल गए, उनके लिए आप क्या करेंगे।’
स्थानीय नेताओं ने पीएम पर भेदभाव का आरोप लगाते हुए कहा कि इस क्षेत्र में बाढ़ या सूखा आने की स्थिति पर पर ध्यान नहीं दिया जाता। अगर हम सिडनी के करीब होते तो मदद सामग्री की भरमार होती।
मॉरिसन बोले, भावनाएं समझता हूं
स्थानीय लोगों के व्यवहार पर मॉरिसन ने कहा, ‘मैं लोगों की भावनाएं समझता हूं। वे अपना सब कुछ खो चुके हैं। समस्या यह है कि अभी मुश्किलें खत्म नहीं हुई हैं। मैं सरकार के स्तर पर स्थिति को सामान्य बनाने की कोशिश कर रहा हूं और राज्य सरकारों की मदद कर रहा हूं।’