ब्रिटेन में संसद द्वारा प्रस्तावित कानून के विरोध में हजारों लोग सड़कों पर आ गए। प्रदर्शनकारियों ने 'किल द बिल' नाम से रैलियों का आयोजन किया। इन रैलियों में बड़ीं संख्या में लोग शामिल हुए।
क्यों हो रहा विरोध?
दरअसल ब्रिटेन की संसद ने एक बिल पास किया है, इसमें पुलिस को कुछ अतिरिक्त शक्तियां दी गई हैं। इसमें किसी भी तरह के प्रदर्शन से निपटने के लिए पुलिस को और अधिक ताकत और छूट दी जाएगी।
अब लोग इसके खिलाफ जगह जगह पर विरोध कर रहे हैं। लंदन, मैनचेस्टर और ब्रिस्टल सहित दर्जनों शहरों की सड़कों पर किल द बिल मार्च आयोजित किया गया, इस विरोध प्रदर्शन में जलवायु परिवर्तन ब्लैक लाइव्स मैटर आंदोलन जैसे बड़े अभियानों से जुड़े लोग शामिल हुए।
इस प्रदर्शन में विपक्षी लेबर पार्टी के पूर्व नेता जेरेमी कॉर्बिन भी शामिल हुए। उन्होंने कहा कि मैं यहाँ मुक्त भाषण के अधिकारों और हमारे समाज में संगठनों के अधिकारों की रक्षा करने के लिए हूँ।
इस विधेयक को पिछले महीने संसद के सामने लाया गया था, इसके बाद छिटपुट विरोध प्रदर्शन हुए। दक्षिण-पश्चिम इंग्लैंड के ब्रिस्टल में, प्रदर्शनकारियों ने हिंसक प्रदर्शन किया और एक पुलिस स्टेशन पर ईंटों और कांच की बोतलें फेंकी और पुलिस वाहनों में आग लगा दी।
वहीं स्थानीय ‘एवन और समरसेट’ पुलिस ने एक बयान जारी करते हुए कहा कि शांतिपूर्ण प्रदर्शन कुछ प्रदर्शनकारियों की वजह से हिंसक उपद्रव में बदल गया। पुलिस अधिकारी विल व्हाइट ने कहा कि पुलिस अधिकारियों पर हमला किया गया जिससे वे घायल हो गए। पुलिस बल ने बताया कि पुलिस के कम से कम दो वाहनों को आग लगा दी गई।