इस्राइली बलों ने वेस्ट बैंक में छापेमारी के दौरान भड़के संघर्ष में फलस्तीन के एक उग्रवादी को गोली मार दी जिससे उसकी मौत हो गई। फलस्तीनी स्वास्थ्य मंत्रालय ने बताया कि इस्राइली सेना ने दो लोगों को गिरफ्तार करने के लिए छापेमारी की थी जिसके बाद जेनिन के पास हुई झड़प में 25 वर्षीय मोहम्मद मेरई को गोली लग गई और उसकी मौत हो गई। फलस्तीनी इस्लामी जिहाद कट्टरपंथी समूह ने दावा किया है कि मेरई उसका लड़ाका था।
दक्षिण अफ्रीका में 21 युवाओं की मौत का कारण बनी जहरीली गैस
दक्षिण अफ्रीका के पूर्वी तट स्थित एक शराबखाने में पिछले सप्ताह 21 युवाओं की मौत का कारण जहरीली गैस बनी थी। जांच से जुड़े अधिकारियों के करीबी सूत्रों ने यह जानकारी दी। बाहरी ईस्ट लंदन शहर में जिस स्थान पर युवा मृत मिले, वह रात्रि प्रवास के लिए लोकप्रिय था। स्थानीय लोग इसे बंद करने की मांग कर रहे थे। ऐसे काफी युवा हैं, जो अस्पताल ले जाए जाने के कारण जान बचाने में सफल रहे। कुछ अन्य लोगों पर गैस का कोई असर नहीं हुआ। फॉरेंसिक टीम के प्रवक्ता ने अंतिम रिपोर्ट आने से पहले इस पर कुछ भी कहने से इनकार कर दिया।
पेरिस में 2015 में हुए भीषण आतंकी हमले की सुनवाई पूरी
फ्रांस की राजधानी में हुए सबसे भीषण आतंकी हमले की सुनवाई विशेष अदालत ने पूरी कर ली है। अब सजा सुनाई जानी है। 2015 में हुए इस आतंकी हमले में 130 लोगों की मौत हुई थी। इस वारदात में शामिल 20 आतंकियों में से अब केवल सालेह अब्देस्लाम (32) ही जीवित है। उसे ही हमले का मुख्य साजिशकर्ता माना जा रहा है।
आधुनिक फ्रांस के इतिहास के सबसे लंबे इस मुकदमे की सुनवाई पिछले साल सितंबर में शुरू हुई थी। नौ महीने तक पीड़ित, पत्रकार और मृतकों के परिजन विशेष रूप से बनाई गई अदालत में आते रहे। 13 नवंबर 2015 को नेशनल फुटबॉल स्टेडियम और बाटाक्लेन म्यूजिक वेन्यू में बंदूकों और भारी हथियारों से लैस 10 लोगों ने अंधाधुंध गोलीबारी की।
बंदूकों और बमों से किए हमलों में सैकड़ों लोग घायल भी हुए थे। गवाहों के बयान के दौरान भी कोर्ट में मौजूद लोगों को वह भयावह मंजर याद आया तो वे सिहर गए। बाटाक्लेन के भीतर के ऑडियो भी कोर्ट में चलाए गए। आरोपी अब्देस्लाम विरोधाभासी बयान दे रहा है। एजेंसी
बांग्लादेश में हिंदू स्कूल शिक्षक की दिनदहाड़े हत्या
बांग्लादेश में अल्पसंख्यक हिंदुओं पर लगातार हमला जारी है। ताजा घटना में एक स्कूल के राजनीतिक विज्ञान के शिक्षक उत्पल कुमार सरकार की 19 वर्षीय अशराफुल इस्लाम ने क्रिकेट के विकेट से पीट-पीट कर हत्या कर दी। यह घटना 25 जून की है।
जानकारी के मुताबिक उत्पल ढाका स्थित हाजी यूनुस अली स्कूल एवं कॉलेज में पढ़ाते थे। इस घटना के बाद से उनकी बूढ़ी मां का रो-रोकर बुरा हाल है। बेटे की तस्वीर के साथ बिलखती हुई महिला का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल है।
बताया जाता है कि आरोपी अशराफुल उसी स्कूल में 10वीं का छात्र है। उसने वारदात वाले दिन स्कूल के मैदान में दिनदहाड़े शिक्षक उत्पल की पीट-पीट कर हत्या कर दी। इस घटना को लेकर हिंदू समुदाय में गहरा आक्रोश है।
करतारपुर, पाकिस्तान में धार्मिक आजादी की प्रतिबद्धता : बाजवा
पाकिस्तानी सेना प्रमुख जनरल कमर जावेद बाजवा ने ब्रिटिश सिख सैनिकों के 12 सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल को बताया कि ऐतिहासिक करतारपुर गलियारा धार्मिक आजादी और सद्भाव के प्रति पाकिस्तान की अटूट प्रतिबद्धता की व्यावहारिक अभिव्यक्ति है। ब्रिटिश फील्ड आर्मी के उप कमांडर मेजर जनरल सेलिया जे हार्वे, के नेतृत्व में एक समूह ने रावलपिंडी में सेना मुख्यालय में जनरल बाजवा से मुलाकात की।
बैठक के दौरान बाजवा ने प्रतिनिधिमंडल से कहा कि पाकिस्तान सभी धर्मों का सम्मान करता है और सेना के अनुसार देश में धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देने की जरूरत को भी मानता है। बता दें, करतारपुर गलियारा धार्मिक प्रतिनिधिमंडल ने लाहौर का दौरा किया जहां गणमान्य व्यक्तियों ने वाघा बॉर्डर पर ध्वज समारोह देखा। ब्रिटिश सिख सैनिकों ने देश के कई धार्मिक स्थलों का दौरा किया और वे ओरकजई जिले में भी गए। उन्होंने लॉकहार्ट किला और सारागढ़ी स्मारक भी देखा।
भारत दौरे पर बांग्लादेश पीएम हसीना करेंगी रोहिंग्याओं की वापसी पर चर्चा
बांग्लादेश की प्रधानमंत्री शेख हसीना इस साल नवंबर में भारत आने वाली हैं। वह यहां पर रोहिंग्याओं के मुद्दे पर भी विचार करेंगी। बांग्लादेश के विदेश सचिव मसूद बिन मोमेन ने बुधवार को इस संबंध में जानकारी दी। मोमेन ने कहा, प्रधानमंत्री हसीना म्यांमार से बांग्लादेश आए रोहिंग्या शरणार्थियों से नशा तस्करी जैसी बढ़ने वाली समस्याओं का मुद्दा भी उठाएंगी।
बता दें, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बांग्लादेशी पीएम को भारत आने का न्योता दिया है। मोमेन ने कहा, हमारे लिए एकमात्र सुविधाजनक समाधान रोहिंग्याओं को उनके प्रांत रखाइन वापस भेजना है। उन्होंने कहा, मैं आश्वस्त हूं कि शेख हसीना जब पीएम मोदी से मिलेंगी तब इस बात पर भी विचार करेंगी कि रोहिंग्याओं की वापसी पर भारत किस तरह मदद देगा।