इस्राइल ने पश्चिमी तट पर बसे हेब्रॉन शहर की प्राचीन इब्राहिमी मस्जिद को 10 दिनों के लिए बंद करने की घोषणा की है। इस्राइली अधिकारियों ने यह फैसले यहूदी देश में कोरोना संक्रमण के प्रसार को देखते हुए लिया है। लेकिन फलस्तीन के अधिकारियों ने इस फैसले की निंदा की है।
फलस्तीन के राष्ट्रपति महमूद अब्बास के धार्मिक व इस्लामी मामलों के सलाहकार महमूद अल हब्बाश ने कहा है कि इस्राइल में मस्जिद को बंद कराना एक युद्ध अपराध है। उन्होंने इसे अल-वक्फ विभाग की शक्तियों में दखल करार दिया।
बता दें कि फलस्तीन का अल वक्फ मंत्रालय अपने देश में स्थित इन पवित्र तीर्थस्थलों की निगरानी करता है। हब्बाश ने कहा कि इब्राहिमी मस्जिद में मुस्लिम श्रद्धालुओं के प्रवेश पर रोक के बाद दुनिया भर के मुसलमानों में आक्रोश है।
इब्राहिमी मस्जिद हेबी एबु स्नीनेह के निदेशक ने कहा, इस्राइल का यह फैसला आधारहीन है क्योंकि मस्जिद आने वाले सभी श्रद्धालु पर्याप्त स्वास्थ्य जांच कराते हैं। वे सभी प्रोटोकॉलों जैसे मास्क पहनना और शारीरिक दूरी का ध्यान भी रखते हैं।