पाकिस्तान में वुल्फ का मास्क पहने घूम रहा शख्स
- फोटो : Twitter - @nailainayat
पाकिस्तान में एक शख्स का वुल्फ यानि कि भेड़िए का मास्क पहनना भारी पड़ गया। 31 दिसंबर की रात पाकिस्तान में सभी लोग नए साल का स्वागत कर रहे थे कि तभी एक शख्स भेड़िए की शक्ल का मास्क पहनकर बाजार में घूमने लगा, जिसे देख लोग डर गए। शख्स की इस हुलिए को देख लोग भ्रमित भी हुए और देखते ही देखते यह तस्वीर सोशल मीडिया पर वायरल हो गई।
पाकिस्तान की स्थानीय रिपोर्ट्स के मुताबिक, शख्स ने वुल्फ का मास्क लगाकर लोगों को डराने और धमकाने की कोशिश की और इसके बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। बता दें कि आरोपी के खिलाफ मुकदमा भी दर्ज किया गया है। ये शख्स पाकिस्तान के पेशावर का रहने वाला है।
स्थानीय मीडिया संस्थान की एक रिपोर्ट के मुताबिक पुलिस ने इस शख्स की पहचान पेशावर के मोती मोहल्ले के निवासी असद खान के रूप में की है। रिपोर्ट में कहा गया कि शख्स अपनी मोटरसाइकिल चलाते समय वुल्फ का मास्क लगाकर ऐसी आवाजें निकाल रहा था, जिससे लोग डर रहे थे।
वहीं आरोपी का कहना है कि उसका लोगों को डराने का उद्देश्य नहीं था और उसने सरकार के कोरोना वायरस को लेकर जारी एसओपी के अनुरूप ही मुखौटा पहना था। उस शख्स की गिरफ्तारी के बाद वहां के लोग पुलिस की तारीफ कर रहे थे और वुल्फ मास्क पहने शख्स की फोटो के साथ मीम बनाकर उसे सोशल मीडिया पर शेयर कर रहे थे।