भारत सहित दुनिया भर में दर्शकों को लुभा रहे 'रईस' का अंदाज पाकिस्तान के सेंसर बोर्ड को रास नहीं आया है। लिहाजा, बॉलीवुड अभिनेता शाहरुख खान की फिल्म रईस पाकिस्तान में बैन कर दी गई है। पाकिस्तानी सेंसर बोर्ड का दावा है कि फिल्म में इस्लामी मूल्यों का गलत चित्रण किया गया है। साथ ही फिल्म में मुसलमानों का चित्रण अपराधी और आतंकवादी के रूप में किया गया है।
सोमवार को पाकिस्तानी सेंसर बोर्ड ने पाकिस्तान में इस फिल्म की रिलीज को अनुमति देने से इंकार कर दिया। शाहरुख खान और अदाकारा माहिरा खान के चाहने वाले थियेटर में रईस के प्रदर्शन को देखने से वंचित रह जाएंगे। बोर्ड ने अपने बयान में कहा कि फिल्म में इस्लामी मूल्यों को नीचा दिखाया गया है और मुस्लिमों को अपराधी और आतंकवादी के रूप में चित्रित किया गया है।
बोर्ड का यह निर्णय पाकिस्तानी सिनेमाघरों के लिए एक बड़ा झटका है। पिछले साल अक्टूबर से बॉलीवुड फिल्मों के प्रदर्शन पर लगी रोक के बाद आर्थिक तौर पर जूझ रहे पाकिस्तानी सिनेमाघर रईस की रिलीज को लेकर खासा उत्साहित थे। हालांकि बोर्ड का यह फैसला उनकी उम्मीदों पर तुषारापात है।
प्रधानमंत्री नवाज शरीफ ने पिछले सप्ताह ही पाकिस्तान में बॉलीवडु फिल्मों की रिलीज को अनुमति दी थी। हालांकि इस मुद्दे पर सूचनामंत्री के नेतृत्व में गठित कमेटी ने स्थानीय सिनेमाघरों में बॉलीवुड फिल्मों के प्रसारण की अनुमति दिए जाने की सिफारिश की थी।
खबरों के मुताबिक बैन के बावजूद पूरे पाकिस्तान में 'रईस' की पाइरेटेड सीडी बिक रही है, यही नहीं स्थानीय केबल ऑपरेटर भी रोज ही इस फिल्म को दिखा रहे हैं।