पाकिस्तान के कराची में स्थित अफगानिस्तानी वाणिज्य दूतावास के गार्ड ने गोली मारकर एक राजनयिक की सोमवार को हत्या कर दी। कराची के उप पुलिस महानिरीक्षक (दक्षिण) आजाद खान ने बताया कि निजी गार्ड हयातुल्लाह खान ने आपसी विवाद के बाद तीसरे सचिव जाकी अदु को दूतावास की लॉबी में गोली मार दी।
डीआईजी खान ने बताया कि इस दुर्घटना का आतंकवाद से कोई संबंध नहीं है। यह न तो पूर्वनियोजित घटना थी और न ही आतंकवादी घटना। मौके पर दोनों में हुई बहस से गुस्सा होकर गार्ड ने गोली चला दी।
सीसीटीवी कैमरों की जांच की है और प्रत्यक्षदर्शियों के बयान भी लिए हैं। उन्होंने आगे कहा कि हयातुल्लाह को हिरासत में ले लिया गया है और जांच शुरू कर दी गई है। गार्ड अफगानिस्तान का ही नागरिक है और वाणिज्य दूतावास ने उसे काम पर रखा था।
पुलिस ने इमारत की जांच के बाद काम पुन: श्ुारू करने की स्वीकृति दे दी। सिंध प्रांत की सरकार के एक अधिकारी ने बताया कि इस घटना के बाद इलाके की सुरक्षा बढ़ा दी गई है। पाकिस्तान में अफगानिस्तान के राजदूत ओमर जखिलवाल के हवाले से द एक्सप्रेस ट्रिब्यून ने बताया है कि यह घटना आतंकवादी घटना नहीं थी।
यह निजी विवाद से जुड़ा आपराधिक कृत्य है। अफगानिस्तान का वाणिज्यिक दूतावास शहर के उच्च सुरक्षा वाले क्लिफटन इलाके में स्थित है। प्रांतीय सरकार ने इमारत के बाहर सुरक्षाबलों को तैनात कर दिया है। इस इलाके में कई अन्य देशों के भी वाणिज्यिक दूतावास स्थित हैं। भुट्टो परिवार का आवास भी इसी इलाके में स्थित है।
Firing took place near Consulate General of Afghanistan in Clifton area of Karachi in Pakistan; at least 1 killed: Pak Media
— ANI (@ANI_news) February 6, 2017