चाहे जंग हो या कूटनीति हर मोर्चे पर भारत से मुंह की खाने वाला पाकिस्तान ऑपरेशन सिंदूर की मार अभी तक भूला भी नहीं होगा, लेकिन उसके सैन्य अधिकारी और नेता बड़बोलेपन से बाज नहीं आ रहे हैं। तमाम नेताओं के बाद अब पाकिस्तानी वायुसेना के एक वरिष्ठ अधिकारी ने खोखली बयानबाजी की है।
शनिवार को पाकिस्तान वायु सेना के वरिष्ठ अधिकारी एयर वाइस मार्शल शहरयार खान ने खोखला दावा करते हुए पाकिस्तान की क्षमताओं को बढ़ा-चढ़ाकर पेश करने की कोशिश की। कराची में रक्षा एवं शहीद दिवस समारोह में बोलते हुए उन्होंने कहा कि अगली बार स्कोर 6-0 नहीं बल्कि 60-0 होगा, इंशा अल्लाह। उनका इशारा हाल ही में भारत द्वारा चलाए गए ऑपरेशन सिंदूर की ओर था, जिसने पाकिस्तान की सैन्य क्षमताओं की पोल दुनिया के सामने खोल दी।
संबोधन के दौरान उन्होंने संकल्प लिया कि देश की रक्षा में कोई भी बलिदान देने से नहीं चूकेगा। उन्होंने कहा कि पाकिस्तान एक शांतिप्रिय और प्रगतिशील राष्ट्र है, लेकिन शांति की हमारी इच्छा को कभी भी कमजोरी नहीं समझा जाना चाहिए। उन्होंने यह भी दावा किया कि सशस्त्र बल सभी शत्रुतापूर्ण इरादों को विफल करने के लिए पूरी तरह तैयार हैं।
ऑपरेशन सिंदूर के तहत भारत की व्यापक सैन्य कार्रवाई ने पाकिस्तान की वायुसेना की रीढ़ तोड़ दी थी। लेकिन इसके बाद भी पाकिस्तान के सैन्य नेतृत्व ने हार को स्वीकारने के बजाय बयानबाजी जारी रखी है। ऐसे में शहरयार खान का '60-0' वाला बयान उसकी वही हताशा दिखा रहा है।
भारतीय वायुसेना प्रमुख के बयान के जवाब में खोखला दावा
पाकिस्तान एयरफोर्स के एयर वाइस मार्शल शहरयार खान का यह बयान तब आया है जबकि हाल ही में भारतीय वायुसेना प्रमुख एयर चीफ मार्शल एपी सिंह ने हाल ही में ऑपरेशन सिंदूर की सफलता का जिक्र किया था। इस दौरान उन्होंने कहा था कि भारत ने पाकिस्तान के कम से कम पांच लड़ाकू विमानों और एक बड़े एयरक्राफ्ट को गिरा दिया था। यह एक ऐतिहासिक उपलब्धि रही, क्योंकि 300 किलोमीटर दूर स्थित लक्ष्य को मार गिराना दुनिया में अब तक की सबसे बड़ी सतह-से-हवा मारक कार्रवाई मानी जा रही है।
भारत ने पहुंचाया था व्यापक नुकसान
आगे पाकिस्तान के सैन्य प्रतिष्ठानों के नुकसान का जिक्र करते हुए वायुसेना प्रमुख ने बताया था कि हमने पाकिस्तान के दो कमांड-एंड-कंट्रोल सेंटर (मुरीद और चकलाला), छह राडार सिस्टम, दो सतह-से-हवा में मार करने वाली मिसाइलों के ठिकाने जो लाहौर और ओकारा में थे, और तीन बड़े हैंगरों को भी तबाह कर दिया। इनमें सुक्कुर का UAV हैंगर, भोलारी का हैंगर और जैकोबाबाद का F-16 हैंगर शामिल थे।
गौरतलब है कि भारत ने 22 अप्रैल को पहलगाम में हुए आतंकवादी हमले के बाद निर्णायक सैन्य प्रतिक्रिया के रूप में 7 मई को ऑपरेशन सिंदूर शुरू किया था। इस हमले में 26 लोग मारे गए थे।