पाकिस्तान पुलिस ने पीएम इमरान खान के निजी आवास से लगभग आधा किलोमीटर दूर स्थित एक भूखंड से एंटी-एयरक्राफ्ट गन की 18 जिंदा गोलियां बरामद की हैं। गोलियां मिलने से पाक पुलिस में हड़कंप मचा हुआ है। इमरान खान, पीएम के आधिकारिक निवास में जाने से पहले बानीगाला, इस्लामाबाद के निजी आवास में रहा करते थे। पाकिस्तान के डॉन समाचार पत्र के अनुसार विदेशी मिशन पर तैनात एक वरिष्ठ अधिकारी ने पीएम के घर से सटे भूखंड में गोला-बारूद देखकर पुलिस को सूचित किया था।
इसके बाद एक पेट्रोलिंग टीम ने वहां पहुंचकर पूरे इलाके की घेराबंदी कर दी। काउंटर-टेररिज्म फोर्स, क्राइम इन्वेस्टिगेशन एजेंसी और बम डिस्पोजल स्क्वॉड सहित पुलिस की विभिन्न टीमों ने बाद में एंटी-एयरक्राफ्ट गन की 18 गोलियों को जब्त कर लिया। एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि देखने में बहुत पुरानी लग रही इन गोलियों की लंबाई 30 मिमी थी और इनका रंग लगभग मिट चुका था। गोला-बारूद मिलने से इलाके में सुरक्षा बढ़ा दी गई है।
पुलिस को ऐसा संदेह है कि किसी ने पिछले कुछ दिनों में गोला-बारूद को इस भूखंड पर कचरे में छिपाने की कोशिश की है। अधिकारी ने बताया कि गोला-बारूद को एक सुरक्षित स्थान पर भेज दिया गया है। जहां से उसे फोरेंसिक विश्लेषण के लिए एक प्रयोगशाला में भेजा जाएगा। अब तक, किसी ने खान के आवास के पास गोला-बारूद रखने की जिम्मेदारी नहीं ली है।