पाकिस्तान के दक्षिणी सिंध प्रांत में एक ट्रक और एक बस के बीच हुई टक्कर में कम से कम 40 लोग मारे गए हैं। पुलिस के मुताबिक सक्खर शहर के क़रीब हुई इस दुर्घटना में करीब बीस लोग घायल हुए हैं।
पाकिस्तान पुलिस का कहना है कि बस दक्षिण में हाईवे के किनारे खड़ी एक ट्रक में जा घुसी जिसमें 17 महिलाओं और बच्चों सहित कम से कम 40 लोग मारे गए।
पुलिस अधिकारी जिया सूमरो ने बताया कि बस पन्नू अकील शहर के पास उत्तर की ओर जा रही थी, तभी इसने रविवार तड़के एक ट्रक को पीछे से टक्कर मार दी। सूमरो ने कहा, "टक्कर की वज़ह स्पष्ट नहीं है, हालांकि निर्माण कार्य की वज़ह से सड़क के एक तरफ का रास्ता बंद था।"
सड़क दुर्घटनाओं के लिहाज़ से पाकिस्तान का रिकॉर्ड दुनिया में काफ़ी ख़राब है। ख़राब सड़क और यातायात नियमों की बड़े पैमाने पर अनदेखी के चलते पाकिस्तान में अक्सर ऐसी दुर्घटनाएं होती हैं।